नगर आयुक्त ने लिया पांचो पांडव मंदिर का जायजा

सुंदरीकरण के साथ सुरक्षा इंतजाम होंगे मजबूत

 

वाराणसी। शिवपुर स्थित प्राचीन पांचो पांडव मंदिर परिसर के विकास और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर नगर निगम ने कवायद शुरू कर दी है। गुरुवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मंदिर का निरीक्षण कर अधिकारियों को सुंदरीकरण और आवश्यक सुरक्षा उपायों के संबंध में निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर के मुख्य द्वार के दोनों ओर करीब 10 दिन पहले हटाए गए अवैध अतिक्रमण के बाद की स्थिति का भी अवलोकन किया। नगर आयुक्त ने कहा कि मंदिर के बाहरी परिसर का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और परिसर की धार्मिक गरिमा के अनुरूप उसका स्वरूप विकसित हो।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने मुख्य द्वार पर स्थित जर्जर गुंबद की ओर नगर आयुक्त का ध्यान आकर्षित किया। लोगों ने बताया कि सावन माह में पंच पांडेश्वर महादेव के दर्शन के लिए प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में गुंबद की जर्जर हालत किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकती है।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को गुंबद का तकनीकी परीक्षण कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा नगर निगम की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान शिवपुर वार्ड के पार्षद बलिराम कनौजिया और नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *