
वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को मणिकर्णिका घाट स्थित निर्माणाधीन कॉरिडोर एवं अन्य परियोजना कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना प्रमुख/अधिकारी से परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्यों एवं आगामी व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की और मौके पर मौजूद ड्रॉइंग एवं नक्शों के आधार पर विभिन्न कार्यों को जांचा परखा।
इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बाढ़ के दौरान निचले स्तरों पर कार्य प्रभावित होने की स्थिति में भी ऊपरी स्तरों पर उपलब्ध कार्यों को जारी रखा जाए, ताकि परियोजना की प्रगति बाधित न होने पाये। उन्होंने कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने एमेनिटी ब्लॉक का भी निरीक्षण किया। ब्लॉक की सभी छतों की ढलाई पूरी होने के बाद, शेष ईंट के कार्य को तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। घाट पर आमजन एवं लकड़ी विक्रेताओं के आवागमन के लिए बनाए जा रहे रैम्प का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि रैम्प का निर्माण इस प्रकार किया जाए कि भविष्य में दाह-संस्कार के लिए आने वाले लोगों तथा लकड़ी विक्रेताओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की व्यवस्था बनी रहे।
इस दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना प्रमुख आदित्य सिंह के साथ फूल-माला, कफन एवं अन्य सामग्री के निस्तारण की व्यवस्था पर भी चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिया कि इन सामग्रियों के उचित निस्तारण के लिए पहले से निर्धारित स्थान एवं आवश्यक व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि कॉरिडोर का निर्माण पूरा होने के बाद परिसर में किसी प्रकार की गंदगी या अव्यवस्था न हो। मणिकर्णिका कॉरिडोर में वर्तमान में पर्याप्त शौचालय सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण आमजन को होने वाली परेशानी को देखते हुए जिलाधिकारी ने शौचालय की व्यवस्था पर भी चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिया कि शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और बाढ़ के दौरान भी इसकी कार्यशीलता बनी रहे, इसके लिए आवश्यक प्रबंध पहले से किए जाएं। इसके अलावा उन्होंने निर्माणाधीन बालाजी घाट और यूनिटी मॉल के निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर भौतिक प्रगति जानी।
निरीक्षण के दौरान एडीएम एफआर सदानंद गुप्ता, तहसीलदार, नायब तहसीलदार,नगर निगम की टीम,परियोजना प्रमुख/अधिकारी,मैनेजर एवं सुपरवाइजर,अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
*डीएम ने यूनिटी मॉल का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यदाई संस्था के अभियंता को आवश्यक दिशा निर्देश दिए*
तत्पश्चात् जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मॉडल द्वारा निर्माणाधीन यूनिटी मॉल का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, ठेकेदार के प्रोजेक्ट मैनेजर एवं परामर्शी के इंजीनियर उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान हेतु कार्य की प्रगति बढ़ाने एवं कार्यस्थल पर कार्य की गुणवत्ता तथा सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए कार्य कराने का निर्देश दिया।

Leave a Reply