12 अगस्त को कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को मिलेगा मानद ‘कर्नल कमांडेंट’ की उपाधि:- कुलसचिव 

विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक मुख्य भवन में होगा गरिमामय अलंकरण समारोह

 

 

वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को “एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, वाराणसी ‘बी’ की तरफ से मानद ‘कर्नल कमांडेंट’ की उपाधि से अलंकृत किया जाएगा। इस गौरवपूर्ण अवसर पर 12 अगस्त 2026, बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक मुख्य भवन स्थित सभागार में गरिमामय अलंकरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश कुमार ने बताया कि कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को मानद कर्नल कमांडेंट की उपाधि प्रदान करने के लिए यह समारोह आयोजित किया जा रहा है।

समारोह की विशेष गरिमा उस समय और बढ़ जाएगी, जब राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेटों द्वारा कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। सैन्य परंपरा एवं अनुशासन के अनुरूप आयोजित होने वाला यह सम्मान समारोह का प्रमुख आकर्षण होगा।

इसके पश्चात निर्धारित सैन्य परंपरा एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को मानद कर्नल कमांडेंट की उपाधि के पदचिह्न एवं सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।

यह अवसर विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय कैडेट कोर के मध्य अनुशासन, नेतृत्व, राष्ट्रसेवा तथा युवा विकास के साझा मूल्यों का विशिष्ट प्रतीक बनेगा।

संस्था के कुलानुशासक प्रो जितेन्द्र कुमार ने बताया कि समारोह का आयोजन राष्ट्रीय कैडेट कोर, वाराणसी ‘बी’ समूह मुख्यालय द्वारा किया जा रहा है।

इस अवसर पर समूह सेनानायक सहित राष्ट्रीय कैडेट कोर के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

समारोह में सैन्य परंपराओं एवं निर्धारित प्रोटोकॉल का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन एवं एनसीसी विभाग द्वारा समारोह की प्रत्येक व्यवस्था को गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

अलंकरण समारोह को भव्य एवं गरिमापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय प्रशासन एवं एनसीसी विभाग के अधिकारियों द्वारा समारोह की तैयारियों से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्य भवन स्थित सभागार, परिसर, मंच, सुरक्षा, प्रोटोकॉल, अतिथि व्यवस्था, संगीत, सैन्य कार्यक्रम तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।

समारोह में होने वाले गार्ड ऑफ ऑनर सहित विभिन्न कार्यक्रमों के पूर्वाभ्यास एवं उनकी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई, ताकि मुख्य समारोह के अवसर पर प्रत्येक कार्यक्रम निर्धारित सैन्य परंपरा, अनुशासन एवं गरिमा के अनुरूप सम्पन्न हो सके।

यह विश्वविद्यालय भारतीय ज्ञान-परम्परा, संस्कृत भाषा एवं शास्त्रीय विद्याओं की समृद्ध विरासत का संवाहक है। वहीं राष्ट्रीय कैडेट कोर युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा, सेवा-भाव एवं राष्ट्रभक्ति के संस्कार विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

ऐसे में विश्वविद्यालय के कुलपति को मानद कर्नल कमांडेंट की उपाधि से अलंकृत किया जाना भारतीय ज्ञान-परम्परा और सैन्य अनुशासन के मूल्यों के विशिष्ट समन्वय का प्रतीक माना जा रहा है। कुलपति को दिया जाने वाला गार्ड ऑफ ऑनर इस अवसर की सैन्य गरिमा को और विशिष्ट बनाएगा।

यह सम्मान केवल कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा का व्यक्तिगत गौरव नहीं, बल्कि सम्पूर्ण विश्वविद्यालय परिवार के लिए भी हर्ष, गौरव एवं सम्मान का विषय है।

कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा के नेतृत्व में विश्वविद्यालय में शैक्षणिक उन्नयन, भारतीय ज्ञान-परम्परा के संरक्षण एवं संवर्धन तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय कैडेट कोर की ओर से प्रदान किया जाने वाला यह विशिष्ट सम्मान उनके नेतृत्व, अनुशासनप्रिय कार्यशैली तथा राष्ट्रहित से जुड़े शैक्षणिक प्रयासों के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति के रूप में भी देखा जा रहा है।

समारोह को गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को आवश्यक दायित्व सौंपे गए हैं। सुरक्षा, परिसर व्यवस्था, उद्यान, संपत्ति, मंच, संगीत, प्रोटोकॉल, अतिथि व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों के साथ जनसम्पर्क संबंधी कार्यवाही भी सुनिश्चित की जा रही है।

इस दौरान ग्रुप कैप्टन विकास कुमार पंजियार, ग्रुप कमांडर, ग्रुप मुख्यालय, वाराणसी ‘बी’

लेफ्टिनेंट कर्नल राकेश वीरौशन, कमान अधिकारी, 100 उत्तर प्रदेश बटालियन, राष्ट्रीय कैडेट कोर

लेफ्टिनेंट कर्नल प्रकरण वर्मा, कमान अधिकारी, 97 उत्तर प्रदेश बटालियन, राष्ट्रीय कैडेट कोर

लेफ्टिनेंट कर्नल हर्षित छाबड़ा, प्रशासनिक अधिकारी, ग्रुप मुख्यालय, वाराणसी ‘बी’, एवं विश्वविद्यालय की तरफ से प्रो जितेन्द्र कुमार, डॉ ज्ञानेन्द्र साँपकोटा, डॉ विजेन्द्र आर्य,एनसीसी अधिकारी डॉ नितिन आर्य, पीआरओ शशीन्द्र मिश्र, प्रभुनाथ यादव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *