कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को प्रदान की जाएगी मानद ‘कर्नल कमांडेंट’ की उपाधि

वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय कैडेट कोर की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप मानद ‘कर्नल कमांडेंट’ की उपाधि प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर 12 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे, ऐतिहासिक मुख्य भवन में विश्वविद्यालय परिसर में गरिमामय समारोह आयोजित होगा। उपाधि प्रदान किए जाने के पश्चात सैन्य परंपरा के अनुरूप कुलपति को सम्मान-रक्षक दल द्वारा सलामी(गॉर्ड ऑफ ऑनर)दी जाएगी।

*गौरवशाली परंपरा की कड़ी में जुड़ेगा एक और अध्याय*-

 

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में कुलपति को मानद कर्नल कमांडेंट की उपाधि प्रदान किए जाने की विशिष्ट परंपरा रही है। इससे पूर्व विश्वविद्यालय के कुलपति रहे प्रो. वी. वेंकटाचलम, प्रो. अभिराज राजेंद्र मिश्र, प्रो. अशोक कुमार कालिया एवं प्रो. राजाराम शुक्ल को भी यह प्रतिष्ठित मानद उपाधि प्रदान की जा चुकी है। इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अब कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

मानद कर्नल कमांडेंट की उपाधि केवल सैन्य सम्मान नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा, युवा शक्ति के मार्गदर्शन तथा सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे उच्च जीवन-मूल्यों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय कैडेट कोर के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रप्रेम, सेवा-भाव और राष्ट्रनिर्माण की चेतना विकसित करने के लिए निरंतर कार्य किया जाता रहा है।

*भारतीय ज्ञान परंपरा और सैन्य अनुशासन का अनूठा संगम*–

संस्कृत, भारतीय दर्शन और भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रसार के लिए प्रतिष्ठित संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाला यह समारोह शिक्षा, संस्कृति और सैन्य अनुशासन के अद्भुत समन्वय का प्रतीक होगा।

कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को मानद कर्नल कमांडेंट की उपाधि प्रदान किया जाना विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण अवसर होने के साथ ही विद्यार्थियों, शिक्षकों और राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेटों के लिए भी प्रेरणादायी क्षण होगा। यह सम्मान नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करेगा।

समारोह में सरस्वती वंदना, एकल नृत्य, एकल गायन तथा समूह नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। उपाधि प्रदान किए जाने के पश्चात आभार-ज्ञापन तथा कुलपति एवं आमंत्रित अतिथियों के साथ संवाद का कार्यक्रम भी निर्धारित है।

 

*विश्वविद्यालय के इतिहास में विशेष रूप से दर्ज होगा 12 अगस्त*-

कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को मानद ‘कर्नल कमांडेंट’ की उपाधि प्रदान किया जाना विश्वविद्यालय के इतिहास में एक महत्वपूर्ण एवं गौरवपूर्ण अवसर के रूप में दर्ज होगा। यह समारोह विश्वविद्यालय की समृद्ध शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परंपरा, राष्ट्रीय कैडेट कोर की अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना तथा नेतृत्व के उच्च आदर्शों को एक साथ प्रतिष्ठित करेगा।

“गॉर्ड ऑफ ऑनर”

के साथ आयोजित यह गरिमामय समारोह विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ेगा तथा विद्यार्थियों एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेटों को अनुशासन, नेतृत्व, सेवा और राष्ट्रसमर्पण की भावना से प्रेरित करेगा।

इस समारोह में जन प्रतिनिधि, सेना के बड़े अधिकारी,जिले के प्रशासनिक अधिकारी एवं शिक्षाविदों सहित अनेकों समाजसेवियों आदि को आमंत्रित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *