संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने हेतु प्रशासन एलर्ट

 

 

वाराणसी। वर्तमान में गंगा नदी का जलस्तर पूर्णतः सामान्य स्थिति में है तथा बाढ़ की कोई स्थिति विद्यमान नहीं है। केन्द्रीय जल आयोग से प्राप्त अधिकृत जलस्तर आंकड़ों के अनुसार जनपद में वर्तमान समय में किसी प्रकार की बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है। उक्त के अतिरिक्त संभावित बाढ़ की स्थिति के दृष्टिगत जिलाधिकारी द्वारा स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर गंगा एवं वरुणा नदी के जलस्तर, तटवर्ती एवं संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया गया हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए नदी के जलस्तर एवं संभावित परिस्थितियों पर सतत निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी

आकस्मिक स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये हैं।

अपर जिला मजिस्ट्रेट (वि0/रा0) ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा शासन द्वारा प्राप्त निर्देशों के क्रम में बाढ़ प्रबंधन एवं आपदा न्यूनीकरण से सम्बन्धित समस्त पूर्व तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। नदियों के जलस्तर की सतत निगरानी जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से की जा रही है। सम्भावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु सभी सम्बन्धित विभागों, तहसीलों एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं तथा समस्त संसाधनों को आवश्यकतानुसार सक्रिय रखा गया है। भविष्य में यदि नदी के जलस्तर में किसी प्रकार की असामान्य वृद्धि होती है अथवा बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है, तो शासन द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के अनुरूप त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *