सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को एनसीसी की मानद ‘कर्नल’ रैंक

गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ भव्य अभिनन्दन; शिक्षा, अनुशासन, राष्ट्रसेवा और युवा-चरित्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान

वाराणसी। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) ग्रुप मुख्यालय, वाराणसी ‘बी’ द्वारा बुधवार को सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के मुख्य भवन में आयोजित गरिमामय सम्मान एवं अलंकरण समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को एनसीसी की *मानद ‘कर्नल’ रैंक* प्रदान की गई।

यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान तथा विश्वविद्यालय में एनसीसी की गतिविधियों, उद्देश्यों और राष्ट्रनिर्माणकारी भूमिका को निरंतर प्रोत्साहित करने के प्रति उनके सक्रिय सहयोग एवं प्रतिबद्धता के सम्मानस्वरूप प्रदान किया गया।

एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, वाराणसी ‘बी’ के ग्रुप कैप्टन विकास कुमार पांजियार ने प्रो. शर्मा को मानद कर्नल रैंक प्रदान करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके नेतृत्व, अनुशासन, राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण तथा युवाओं के व्यक्तित्व-निर्माण में उनके योगदान का गौरवपूर्ण अभिनंदन है।

उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, सेवा-भाव, चरित्रबल और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रो. शर्मा के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय में एनसीसी की गतिविधियों को नई ऊर्जा और व्यापक दिशा प्राप्त होगी तथा भारतीय ज्ञान-परम्परा और राष्ट्रसेवा की चेतना के समन्वय से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को और अधिक गति मिलेगी।

*मानद कर्नल रैंक* प्रदान किए जाने के उपरान्त एनसीसी कैडेट्स द्वारा प्रो. बिहारी लाल शर्मा को भव्य गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। अनुशासित कदमताल, गरिमामय सैन्य परम्परा और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण ने समारोह को विशेष गौरव प्रदान किया। विश्वविद्यालय परिसर में यह अवसर शिक्षा और सैन्य अनुशासन के सशक्त समन्वय का प्रेरणादायी प्रतीक बन गया

मानद कर्नल रैंक से अलंकृत होने पर कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, वाराणसी ‘बी’ के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह अवसर उनके लिए अत्यंत गौरव, विनम्रता और आत्मीय भाव से अभिभूत करने वाला है। उन्होंने कहा यह सम्मान मेरा व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि सम्पूर्ण विश्वविद्यालय परिवार की सामूहिक साधना, आचार्यों की तपःपूत परम्परा, विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं परिश्रम तथा अधिकारियों- कर्मचारियों के समर्पण का गौरव है।

उन्होंने कहा कि मानद कर्नल का यह अलंकरण उनके लिए केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि अनुशासन, राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति एक नवीन संकल्प है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ के श्रीचरणों में प्रार्थना करते हुए कहा कि उन्हें इस दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, गरिमा और समर्पण के साथ करने की शक्ति प्राप्त हो।

कुलपति प्रो. शर्मा ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और सबसे मूल्यवान पूंजी होते हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञानार्जन तक सीमित नहीं हो सकता; शिक्षा तभी सार्थक है, जब वह ज्ञान के साथ चरित्र, अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास, सेवा-भाव और राष्ट्रनिष्ठा का निर्माण करे। इस दृष्टि से एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण तथा उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए तैयार करने का अत्यंत प्रभावी और अनुकरणीय माध्यम है।

उन्होंने कहा कि सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय की समृद्ध भारतीय ज्ञान-परम्परा, संस्कृत, संस्कृति और जीवन-मूल्यों का एनसीसी की अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ समन्वय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत फलदायी सिद्ध हो सकता है। विश्वविद्यालय में एनसीसी की गतिविधियों को और अधिक सशक्त, व्यापक एवं प्रभावी बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और गौरवशाली विरासत के संरक्षण, संवर्धन और नई पीढ़ी तक उसके जीवन्त हस्तांतरण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम का शुभारम्भ वैदिक मंत्रोच्चार एवं मंगलाचरण से हुआ। तत्पश्चात दीपप्रज्ज्वलन, रैंक प्रदान समारोह, स्वस्तिवाचन तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। लोकनृत्य एवं लोकगीत की प्रस्तुतियों ने समारोह में भारतीय लोकसंस्कृति की मनोहारी छटा बिखेरी। सम्पूर्ण आयोजन में भारतीय परम्परा, सैन्य अनुशासन और राष्ट्रीय चेतना का अद्भुत समन्वय दृष्टिगोचर हुआ।

समारोह में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी, केन्द्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान, सारनाथ के कुलपति प्रो. (डॉ.) वांगचुक दोरजे नेगी, आईयूसीटीई के निदेशक प्रो. प्रेम नारायण सिंह, ग्रुप कैप्टन विकास कुमार पांजियार, ग्रुप कमांडर, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, वाराणसी ‘बी’, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रकरण वर्मा, कमान अधिकारी, 97 उत्तर प्रदेश बटालियन एनसीसी, वाराणसी, लेफ्टिनेंट कर्नल राकेश रौशन, कमान अधिकारी, 100 उत्तर प्रदेश बटालियन एनसीसी, वाराणसी, लेफ्टिनेंट कर्नल संजेश राय, प्रशासनिक अधिकारी, 100 उत्तर प्रदेश बटालियन एनसीसी, वाराणसी , एनसीसी अधिकारी नितिन आर्य सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारीगण, एनसीसी कैडेट्स तथा अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *