आरबी इण्टर नेशनल जुड़ा गेल इंडिया लिमिटेड के पीएनजी से

वाराणसी।गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए भेलूपुर क्षेत्र स्थित आरबी इंटरनेशनल को पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) नेटवर्क से सफलतापूर्वक जोड़ दिया है। इसके साथ ही प्रतिष्ठान की रसोई एवं अन्य ऊर्जा संबंधी आवश्यकताओं हेतु अब गेल के PNG नेटवर्क के माध्यम से सुरक्षित, निर्बाध एवं 24×7 प्राकृतिक गैस की आपूर्ति प्रारंभ हो गई है। यह पहल वाराणसी के प्रमुख वाणिज्यिक एवं आतिथ्य प्रतिष्ठानों को आधुनिक, हरित एवं विश्वसनीय ऊर्जा व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व श्री नवाज़िश अली अंसारी, उप महाप्रबंधक (डीजीएम-प्रोजेक्ट्स) कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन श्री सुशील कुमार, महाप्रबंधक (जीएम) के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।

आरबी इंटरनेशनल, भेलूपुर क्षेत्र का एक प्रतिष्ठित होटल एवं आतिथ्य प्रतिष्ठान है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहकों के लिए विभिन्न प्रकार के व्यंजन एवं खाद्य सामग्री तैयार की जाती है। पूर्व में प्रतिष्ठान की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति मुख्य रूप से एलपीजी सिलेंडरों के माध्यम से की जाती थी तथा यहां औसतन लगभग 30 एलपीजी सिलेंडरों प्रति माह की खपत होती थी। अब PNG आपूर्ति प्रारंभ होने के पश्चात प्रतिष्ठान को चौबीसों घंटे निरंतर, सुरक्षित एवं विश्वसनीय प्राकृतिक गैस उपलब्ध होगी, जिससे न केवल परिचालन दक्षता में वृद्धि होगी, बल्कि ऊर्जा प्रबंधन भी अधिक सुविधाजनक, प्रभावी एवं किफायती बनेगा।

एलपीजी के स्थान पर PNG को अपनाए जाने से प्रतिमाह उपयोग होने वाले लगभग 30 एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। परिणामस्वरूप ये सिलेंडर अन्य क्षेत्रों एवं उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु उपलब्ध कराए जा सकेंगे, जिससे अधिक लोगों को एलपीजी की बेहतर एवं सुगम उपलब्धता का लाभ प्राप्त होगा। इस प्रकार एक ओर प्रतिष्ठान को निर्बाध एवं सुरक्षित ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित होगी, वहीं दूसरी ओर अन्य उपभोक्ताओं को भी एलपीजी की उपलब्धता में सकारात्मक लाभ मिलेगा।

इसके अतिरिक्त, PNG के उपयोग से सिलेंडरों के भंडारण, परिवहन एवं प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों में कमी आएगी, कार्यस्थल की सुरक्षा और सुविधा में वृद्धि होगी तथा पर्यावरण-अनुकूल स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को और अधिक बढ़ावा मिलेगा। प्राकृतिक गैस अपेक्षाकृत स्वच्छ ईंधन होने के कारण कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी सुदृढ़ करती है।

गेल (इंडिया) लिमिटेड वाराणसी सहित अपने परिचालन क्षेत्रों में अधिकाधिक वाणिज्यिक, औद्योगिक एवं घरेलू उपभोक्ताओं को PNG एवं CNG जैसी स्वच्छ ऊर्जा सुविधाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कंपनी का उद्देश्य सुरक्षित, विश्वसनीय एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा उपलब्ध कराकर सतत विकास को प्रोत्साहित करना तथा हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण में सक्रिय योगदान देना है।

गेल (इंडिया) लिमिटेड का यह प्रयास ऊर्जा क्षेत्र में आधुनिक एवं टिकाऊ समाधानों को बढ़ावा देने के साथ-साथ वाराणसी को स्वच्छ ऊर्जा आधारित शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी का विश्वास है कि स्वच्छ ऊर्जा अवसंरचना के निरंतर विस्तार से न केवल उपभोक्ताओं को सुविधाजनक एवं विश्वसनीय ऊर्जा उपलब्ध होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के राष्ट्रीय लक्ष्यों की प्राप्ति में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *