“तिरंगा केवल ध्वज नहीं, राष्ट्र की अस्मिता और गौरव का प्रतीक है”:- प्रो. शैलेश कुमार मिश्र।

वाराणसी। ‘हर घर तिरंगा कार्यक्रम-2026’ के अंतर्गत सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी द्वारा गुरुवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ मैदान से सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।

यात्रा का संयोजन विश्वविद्यालय के छात्रकल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र के संयोजकत्व में किया गया।

यात्रा में विश्वविद्यालय के आचार्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों के साथ एनसीसी, एनएसएस, रोवर्स-रेंजर्स एवं रेंजर्स के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

यह यात्रा जिला प्रशासन के द्वारा आयोजित किया गया है जिसमें इस संस्था के सभी लोग सहभागिता किए हैं।

तिरंगा यात्रा का उद्देश्य केवल हाथों में राष्ट्रध्वज लेकर चलना नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति गौरव, संविधान के प्रति निष्ठा, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, सामाजिक समरसता और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना रहा। विद्यार्थियों ने तिरंगा हाथ में लेकर देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। यात्रा के दौरान वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा।

इस अवसर पर प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने कहा कि तिरंगा भारत की अस्मिता, स्वतंत्रता-संग्राम के संघर्ष और करोड़ों देशवासियों के त्याग एवं बलिदान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का वास्तविक संदेश तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक नागरिक राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे।

उन्होंने कहा कि युवा शक्ति भारत के वर्तमान की ऊर्जा और भविष्य की आधारशिला है। अनुशासन, संस्कार, ज्ञान, कर्तव्यबोध और राष्ट्रसेवा की भावना से ही विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

यात्रा में डॉ. विशाखा शुक्ला, डॉ. रविशंकर पाण्डेय, डॉ. विजेन्द्र आर्य, डॉ. दिव्यचेतन ब्रह्मचारी, डॉ सत्येन्द्र कुमार यादव सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों एवं विभागों के आचार्यगण, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए। विश्वविद्यालय से संबद्ध एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा एनसीसी, एनएसएस और रोवर्स-रेंजर्स के विद्यार्थियों की सहभागिता ने यात्रा को व्यापक स्वरूप प्रदान किया।

तिरंगा यात्रा महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से प्रारम्भ होकर निर्धारित मार्ग से होते हुए सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी परिसर तक पहुंची। यात्रा में विद्यार्थियों के हाथों में लहराते राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति के उद्घोष ने राष्ट्रीय गौरव एवं एकता का भाव सुदृढ़ किया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी आचार्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा विद्यार्थियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने और प्रत्येक घर में तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *