
हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली गई तिरंगा यात्रा
जेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ किया प्रतिभाग
वाराणसी। आजादी के अमृत महोत्सव की भावना को आगे बढ़ाते हुए हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत गुरुवार को केंद्रीय कारागार में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। राष्ट्र प्रथम के उद्देश्य और देशभक्ति की भावना के साथ निकाली गई इस यात्रा में जेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान जेल परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। अधिकारियों और कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और स्वतंत्रता दिवस के महत्व के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया। केंद्रीय कारागार प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान सभी में राष्ट्र प्रेम और देश के प्रति समर्पण की भावना दिखाई दी। इस अवसर पर केंद्रीय कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान लोगों में राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने और देश के प्रति गर्व की अनुभूति कराने वाला अभियान है। कार्यक्रम में जेलर अखिलेश कुमार, डिप्टी जेलर अखिलेश कुमार मिश्र, अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, किशन सिंह बाल्दिया, अयोध्या प्रसाद आदि थे।

Leave a Reply