वेदांता नर्सिंग के विद्यार्थियों ने निकाली 300 मीटर लंबी ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा

रिपोर्ट:- उपेन्द्र कुमार पांडेय 

आजमगढ़। नगर के लक्षीरामपुर स्थित वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज के छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जन-जागरूकता के संदेश के साथ नगर में भव्य एवं ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली। इस यात्रा में 300 मीटर लंबी विशाल तिरंगा आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा।

वेदांता ग्रुप के डायरेक्टर विशाल जायसवाल और मैनेजिंग डायरेक्टर रित्विक जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। छात्र-छात्राओं के उत्साह और देशभक्ति गीतों की धुन के साथ निकली इस तिरंगा यात्रा का नगर चौराहों पर पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। यात्रा संस्थान परिसर से प्रारंभ होकर बिलरिया की चुंगी, पहाड़पुर, तकिया, मुख्य चौक, मातबरगंज, पुरानी सब्जी मंडी, पांडेय बाजार नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः वेदांता हॉस्पिटल पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान पूरा नगर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी नारों से गुंजायमान रहा। यात्रा के दौरान जगह जगह नर्सिंग की छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्राओं ने राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया, जिसे उपस्थित जनसमुदाय ने खूब सराहा। छात्र छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए डायरेक्टर विशाल जायसवाल एवं मैनेजिंग डायरेक्टर रित्विक जायसवाल ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों में एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है। यह आयोजन देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन करने का एक विनम्र प्रयास है। संस्थान की प्रिंसिपल रीना पाण्डेय ने यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी छात्र-छात्राओं के अनुशासन और उत्साह की सराहना की। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में कॉलेज के शिक्षकगण शशांक श्रीवास्तव, अविनाश सिंह, श्रुति कुशवाहा, हेमंत पांडेय, मनोज यादव, खुशबू मोदनवाल, आकांक्षा राव, सुधा मद्धेशिया, कृष्णकांत यादव, अश्विन यादव एवं विकास सिंह सहित समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *