कम ओपीडी वाले आयुष चिकित्सालयों को चिन्हित कर ओपीडी बढ़ाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

 

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला आयुष समिति (शासी निकाय) की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में आयुष विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं चिकित्सा सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने आयुर्वेद, यूनानी एवं होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुगम आयुष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। आयुष चिकित्सालयों एवं औषधालयों में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आयुष चिकित्सालयों के संचालन, चिकित्सकों एवं अन्य स्टाफ की उपलब्धता, दवाओं की आपूर्ति, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि आयुष सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से चिकित्सालयों एवं संबंधित केंद्रों का निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कम ओपीडी वाले आयुष चिकित्सालयों को चिन्हित कर ओपीडी बढ़ाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, जिससे अधिक से अधिक लोग आयुष सेवाओं का लाभ उठा सकें

जिलाधिकारी ने योग, आयुर्वेद, स्वस्थ जीवनशैली एवं औषधीय पौधों के महत्व के संबंध में जन-जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम तथा आयुष चिकित्सा शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *