श्रीलंका में छात्र सम्मेलन के लिए खुशी कपूर का पैनलिस्ट चयन

वाराणसी। भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान की वाराणसी शाखा की छात्रा खुशी कपूर का श्रीलंका में आयोजित होने वाले छात्र सम्मेलन में समूह चर्चा के लिए पैनलिस्ट के रूप में चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर संस्थान की वाराणसी शाखा की प्रबंध समिति ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। 13 अगस्त को आयोजित आभासी संवाद एवं चयन प्रक्रिया में निर्णायकों के मूल्यांकन के आधार पर खुशी कपूर ने सर्वाधिक अंक प्राप्त किए। इसके बाद उनका चयन एक सितंबर को श्रीलंका में होने वाले छात्र सम्मेलन में समूह चर्चा के पैनलिस्ट के रूप में किया गया।वाराणसी शाखा की प्रबंध समिति ने कहा कि यह उपलब्धि खुशी कपूर की मेहनत, प्रतिभा, आत्मविश्वास और समर्पण का प्रमाण है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के मंच पर उनका चयन परिवार, शिक्षकों और वाराणसी शाखा के लिए गौरव का विषय है। समिति ने विश्वास जताया कि खुशी सम्मेलन में अपने ज्ञान, विचार और प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन कर संस्थान एवं वाराणसी का नाम गौरवान्वित करेंगी।शाखा सचिव सीए रंजीत कुमार पांडेय और पूर्व शाखा अध्यक्ष सीए सोमदत्त रघु ने भी खुशी कपूर को उज्ज्वल भविष्य और सम्मेलन में सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *