
वाराणसी। प्रकाश पर्व दीपावली के पावन अवसर पर चैतन्य योग सेवा संस्था द्वारा श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ दीपोत्सव का आयोजन किया गया।
इस शुभ अवसर पर भगवान श्री गणेश एवं माता लक्ष्मी का विधिवत पूजन-अर्चन कर समस्त जनमानस के उत्तम स्वास्थ्य, आरोग्यता, सुख-समृद्धि, शांति एवं सर्वकल्याण की मंगलकामना के साथ विशेष संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में संस्था के वरिष्ठ एवं श्रेष्ठ योग शिक्षक, पदाधिकारी, सदस्य तथा विदेश से पधारे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए प्रेम, सद्भाव, आत्मीयता एवं उल्लास के साथ इस पावन पर्व को मनाया।
इस अवसर पर संस्था के सचिव श्री आशीष टंडन जी द्वारा उपस्थित सभी लोगों को मिष्ठान एवं दीपावली के विशेष उपहार भेंट कर पर्व की खुशियाँ साझा की गईं।
उन्होंने सभी के सुखमय, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर ज्ञान, सद्भावना एवं सकारात्मकता का प्रकाश प्रज्वलित करने का भी संदेश देती है।
कार्यक्रम का वातावरण भक्ति, प्रेम, अपनत्व एवं उत्साह से परिपूर्ण रहा। संस्था के सभी सदस्यों ने समाज में स्वास्थ्य, योग, सेवा एवं मानवीय मूल्यों के प्रसार के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया।

Leave a Reply