
वाराणसी।काशी की पावन धरती पर मोक्ष सदन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा नवीन कार्यालय एवं अन्न- प्रसाद सेवा केंद्र का शुभारंभ शनिवार को गरिमामय वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 95वीं बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, वाराणसी के कमांडेंट श्री राजेश्वर शिवलिंगय्या बालापुरकर रहे।
कार्यक्रम के अवसर पर मुख्य अतिथि एवं उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने श्री चिंतामणि गणेश जी तथा बाबा गौरी केदारेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके पश्चात ट्रस्ट द्वारा आयोजित अन्नदान सेवा में सहभागिता करते हुए जरूरतमंदों एवं उपस्थित जनों को अन्न-प्रसाद वितरित किया गया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि श्री बालापुरकर ने नारियल फोड़कर और दीप प्रज्वलित कर नए केंद्र का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत्त शुभारंभ किया।मुख्य अतिथि का स्वागत संस्था की अध्यक्षा उषा रानी ने पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्रम तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया।
ट्रस्ट की अध्यक्षा श्रीमती उषा रानी ने बताया कि उनके परिवार की लगभग 30 वर्षों से अन्नदान एवं सेवा की परंपरा रही है। इसी सेवा-संस्कार को व्यापक जनसेवा का स्वरूप देते हुए मोक्ष सदन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट पिछले तीन वर्षों से निरंतर जनसेवा एवं अन्नदान के कार्यों में सक्रिय है।
उन्होंने बताया कि काशी में प्रारंभ किए गए इस नवीन केंद्र पर अब प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक एक समय का सात्त्विक अन्न-प्रसाद श्रद्धापूर्वक एवं निःस्वार्थ भाव से वितरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ट्रस्ट का उद्देश्य जरूरतमंदों, साधु-संतों, तीर्थयात्रियों एवं आमजन तक नियमित रूप से अन्न-प्रसाद की सेवा पहुँचाना है।
मुख्य अतिथि श्री राजेश्वर बालापुरकर की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष सम्मान प्रदान किया। राष्ट्रसेवा में समर्पित CRPF अधिकारी के रूप में उनकी उपस्थिति ने ट्रस्ट के सेवा-संकल्प को प्रेरणा प्रदान की। श्री बालापुरकर 95वीं बटालियन CRPF के कमांडेंट के रूप में वाराणसी में विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता गतिविधियों में भी सहभागी रहे हैं।
इस अवसर पर ट्रस्ट परिवार एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने सेवा कार्य को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का वातावरण धर्म, सेवा, अन्नदान और मानवता के भाव से ओत-प्रोत रहा।

Leave a Reply