
द्वितीय चरण की काउंसिलिंग 1 से 3 सितंबर तक, प्रवेश शुल्क ₹4,125 निर्धारित
वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के परिसर में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए संचालित पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान शास्त्री (B.Lib.I.Sc.) पाठ्यक्रम में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय ने महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया है। प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत ऑनलाइन प्रवेश आवेदन-पत्र भरने की अंतिम तिथि 30 अगस्त 2026 तक विस्तारित कर दी गई है।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, प्रवेश परीक्षा के लिए निर्धारित शुल्क ₹800 ऑनलाइन माध्यम से पेमेंट गेटवे के जरिए जमा करना होगा।
छात्रावास की सुविधा प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थियों को प्रवेश परीक्षा शुल्क के अतिरिक्त ₹100 छात्रावास आवेदन शुल्क देना होगा। प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए पंजीकरण शुल्क ₹200 निर्धारित है।
जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व निर्धारित तिथि 16 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन प्रवेश आवेदन-पत्र पूर्ण कर लिया है, उनके लिए पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान शास्त्री की द्वितीय चरण की काउंसिलिंग 1 सितंबर से 3 सितंबर 2026 तक, प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 2 बजे तक, विश्वविद्यालय के पाणिनि भवन स्थित पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान शास्त्री विभाग में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर प्रवेश साक्षात्कार/काउंसिलिंग के लिए अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।
काउंसिलिंग के समय अभ्यर्थियों को समस्त मूल प्रमाण-पत्र, मूल अंकपत्र एवं भारांक के मूल प्रमाण-पत्र, प्रवेश आवेदन-पत्र सहित समस्त अंकपत्र एवं प्रमाण-पत्र तथा भारांक की तीन स्वप्रमाणित छायाप्रतियां, पासपोर्ट आकार के पांच स्वप्रमाणित रंगीन फोटोग्राफ, नवीनतम परिचय-पत्र तथा स्थानांतरण/माइग्रेशन एवं एंटी रैगिंग संबंधी शपथ-पत्र प्रस्तुत करना होगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि एवं समय पर वांछित अभिलेखों तथा प्रवेश शुल्क के साथ उपस्थित नहीं होने पर अभ्यर्थी को प्रवेश साक्षात्कार में सम्मिलित होने से वंचित किया जा सकता है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेशार्थियों से अपील की है कि वे प्रवेश संबंधी समस्त दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अनुपालन करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन एवं काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूर्ण करें। प्रवेश से संबंधित नवीनतम सूचनाएं विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.ssvv.ac.in के Admission → Campus Admission Portal 2026–27 के माध्यम से प्राप्त की जा सकती हैं।
उक्त आशय की जानकारी छात्रकल्याण संकायाध्यक्ष प्रो शैलेश कुमार मिश्र ने दी है।

Leave a Reply