
आपदा से निपटने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों व पार्षदों को आपसी समन्वय का दिया निर्देश
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी से टेलीफोन पर वार्ता कर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों का जायजा लिया।
प्रधानमंत्री ने शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव और गंगा के बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न परिस्थितियों की गहन समीक्षा की।
वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बनाए गए राहत शिविरों के संचालन पर विशेष चर्चा की।
उन्होंने महापौर से शिविरों में रह रहे लोगों के लिए खाद्य सामग्री, पेयजल, दवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली।
पीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत शिविरों में शरण लिए नागरिकों को किसी भी तरह की असुविधा न हो और सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
प्रधानमंत्री ने आपदा की इस घड़ी में बेहतर प्रबंधन पर जोर देते हुए कहा कि सभी जनप्रतिनिधि और नगर निगम के पार्षद आपसी समन्वय के साथ धरातल पर कार्य करें।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के बीच लगातार सक्रिय रहें और पीड़ितों तक हर संभव मदद पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि इस प्राकृतिक आपदा के प्रभाव को कम किया जा सके और लोगों को त्वरित राहत प्रदान की जा सके।

Leave a Reply