
वाराणसी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 76वें जन्मदिवस के पूर्व सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के मुख्य भवन प्रांगण में विश्वविद्यालय परिवार की ओर से क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। महामहिम कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी तथा मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रेरणा से आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में पचास से अधिक क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई।
टीबी उन्मूलन के लिए जनभागीदारी जरूरी
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश कुमार ने क्षय रोगियों को अपने कर-कमलों से पोषण पोटली प्रदान की तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के पूर्व सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का यह आयोजन स्वस्थ एवं समर्थ भारत के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से सशक्त करने का प्रयास है।
कुलसचिव ने कहा,भारतीय संस्कृति में सेवा ही मानवता का सर्वोच्च धर्म है। किसी पीड़ित व्यक्ति के जीवन में पोषण, विश्वास और आत्मीयता का संचार करना केवल सहायता नहीं, बल्कि लोकमंगल की सच्ची साधना है। टीबी मुक्त भारत का संकल्प तभी पूर्ण होगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग अपनी जिम्मेदारी और सहभागिता सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने कहा कि सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय केवल ज्ञान एवं संस्कार का केंद्र ही नहीं, बल्कि ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की भारतीय भावना को व्यवहार में उतारने वाला संस्थान भी है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक ज्ञान, संस्कार और सेवा की भावना को पहुंचाना है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से क्षय रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने, रोगियों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने तथा उनके पोषण एवं स्वास्थ्य में सहयोग की भावना को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो. विधु द्विवेदी ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं संचालन किया। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य क्षय रोगियों के स्वास्थ्य एवं पोषण में सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ समाज में टीबी के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है। उन्होंने कहा कि रोगियों को पोषण सहयोग उपलब्ध कराने से उनके स्वास्थ्य लाभ की प्रक्रिया को बल मिलता है तथा समाज में उनके प्रति संवेदनशीलता एवं सहयोग की भावना भी विकसित होती है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिवार ने सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ सहभागिता की तथा क्षय रोगियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की मंगलकामना की।
इस अवसर पर कुलसचिव श्री राकेश कुमार, प्रो. हीरक कान्ति चक्रवर्ती, डॉ रविशंकर पाण्डेय,डॉ. रानी द्विवेदी, पीआरओ शशीन्द्र मिश्र, डॉ. कंचन मिश्रा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply