
शहर के चार जोनों में चिन्हित किए गए 424 जर्जर भवन, छतों व छज्जों की क्षमता जांचे बिना लोगों को आमंत्रित न करें स्वामी व किरायेदार
वाराणसी।नमो घाट में प्रस्तावित भव्य एयर शो के दौरान जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर निगम प्रशासन ने गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में स्थित जर्जर व कमजोर भवनों, छतों, छज्जों, मुंडेर और बालकोनियों पर लोगों के एकत्र होने तथा प्रवेश करने पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
सुरक्षा के इस व्यापक अभियान के तहत शहर के चार जोनों में कुल 424 जर्जर भवन स्वामियों को औपचारिक एडवाइजरी जारी की गई है।
गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में अनेक पुराने भवन ऐसे हैं, जिनमें संरचनात्मक कमजोरी, दीवारों में दरारें और छतों व छज्जों की जर्जरता है। एयर शो के दौरान वायुयानों के प्रदर्शन से उत्पन्न होने वाले कंपन, ध्वनि और लोगों की भारी आवाजाही के कारण छतों व अन्य हिस्सों पर अतिरिक्त भार बढ़ने से दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
इसे देखते हुए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर कोतवाली जोन के जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्रा सहित अन्य जोनल अधिकारियों की ओर से आधिकारिक सुरक्षा चेतावनी जारी की गई है।
इसमें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जिन भवनों, छतों या बालकोनियों में दरारें, झुकाव या प्लास्टर गिरने की समस्या हो, वहां एयर शो देखने के उद्देश्य से किसी को भी आमंत्रित न किया जाए। भवन स्वामी या किरायेदार वास्तविक संरचनात्मक क्षमता की जांच किए बिना भीड़ एकत्र न होने दें। किसी भी खतरे की स्थिति में तत्काल संबंधित निगम अधिकारी को सूचित करना अनिवार्य होगा। असुरक्षित हिस्सों को खाली रखने के साथ ही वहां बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
नियमों का उल्लंघन करने पर उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1959 की धारा 331 व 308 के तहत कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा अनुमत सुरक्षित स्थानों का ही उपयोग करें, बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की असामान्य आवाज या दरार बढ़ने की सूचना तुरंत पुलिस, अग्निशमन सेवा या नगर निगम नियंत्रण कक्ष को दें।
सुरक्षा के मद्देनजर नगर निगम द्वारा शहर के चार प्रमुख जोनों में कुल 424 जर्जर भवनों को चिन्हित कर उनके स्वामियों को एडवाइजरी जारी की गई है, जिनका जोनवार विवरण इस प्रकार है ।
कोतवाली जोन: 215 भवन
दशाश्वमेध जोन: 122 भवन
भेलूपुर जोन: 70 भवन
आदमपुर जोन: 17 भवन
कुल योग: 424 भवन


Leave a Reply