दशाश्वमेध घाट स्वच्छ गंगा एवं पर्यावरण-अनुकूल दीपदान संग परंपरा तथा आधुनिक तकनीक का होगा संगम

वाराणसी।काशी के विश्व प्रसिद्ध प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति देव दीपावली को भगवान शिव, काशी की आध्यात्मिक विरासत और स्वच्छ गंगा को समर्पित करेगी।

 

मां गंगा की महाआरती के दौरान गंगा आराधना, शिव महिमा और काशी की विरासत को परंपरा और आधुनिक तकनीक के संगम से सहेजा जाएगा। स्वच्छ गंगा और पर्यावरण-अनुकूल दीपदान करके पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया जाएगा।

 

गंगोत्री सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं० किशोरी रमण दुबे बाबू महाराज एवं समिति के सचिव पं० दिनेश शंकर दुबे ने पत्रकारवार्ता के दौरान बताया कि प्राचीन दशाश्वमेध घाट देवताओं के स्वागत में पलक-पांवड़े बिछायेगा | भगवान शिव और मां गंगा की नगरी काशी की आध्यात्मिक विरासत को समर्पित देव दीपावली का आयोजन किया जाएगा।

 

36 वर्षों से चल रही परम्परा के अनुसार दशाश्वमेध घाट पर नियमित आरती करने वाली संस्था गंगोत्री सेवा समिति के तत्वावधान में वैदिक रीति से गंगा महारानी का पूजन-स्तवन संग 151 लीटर दूध से अभिषेक करके गंगा निर्मलीकरण का आह्वाहन किया जायेगा ।

 

गंगा तट पर सिंहासनारूढ़ गंगा महारानी की 108 किलो की अष्टधातु की श्रृंगारिक प्रतिमा और उनकी अलौकिक आरती की निराली छवि आकषर्ण का केंद्र होगी |

 

मां गंगा का शास्त्रोक्त विधि से पूजन के क्रम में समूचे घाट को 500 किलो देशी और विदेशी फूलों से सजाया जायेगा |

 

उन्होंने बताया कि ऋद्धि – सिद्धि के रूप में गंगा की महाआरती के दौरान बेटियों का नेतृत्व नारी शक्ति के सम्मान का संकल्प दोहराएगा।

 

आयोजन में 21 बटुकों संग 21 डमरुदल गंगा आरती की शोभा बढ़ाएंगे |

 

आयोजन की अध्यक्षता सुमेरू पीठ के शंकराचार्य पूजनीय स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती जी करेंगे |

 

माँ गंगा की महाआरती के पश्चात् काशी के लोकप्रिय गीतकार कन्हैया दुबे केडी के संयोजन में सांस्कृतिक संध्या सभी का मन मोहेगी |

 

देव दीपावली महोत्सव का संचालन गंगा सेवक नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला द्वारा किया जाएगा ।

 

भव्य आयोजन के दौरान वाराणसी के सम्मानित जनप्रतिनिधि, देश-विदेश से आमंत्रित अतिथिगण एवं कई प्रतिष्ठित बैंकों के सम्मानित अधिकारी परिवारजन सहित उपस्थित रहेंगे ।

 

पत्रकार वार्ता के दौरान समिति के संरक्षक पं० कन्हैया त्रिपाठी, गंगेश्वरधर दुबे, संकठा प्रसाद, संजय यादव सहित समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे ।

 

देव दीपावली के अवसर पर गंगोत्री सेवा समिति द्वारा काशी के पौराणिक केदार घाट पर पं० सुनील कुमार दुबे के संयोजन में मां गंगा की भव्य और विराट आरती का आयोजन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *