
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने सतर्कता बुलेटिन ‘प्रबोध’ का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने अपने संबोधन में कहा कि सतर्कता बुलेटिन ‘प्रबोध’ का यह अंक केंद्रीय सतर्कता आयोग द्वारा निर्धारित विषय सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ पर केंद्रित है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष और देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए हम सभी को पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना चाहिए। भ्रष्टाचार का उन्मूलन किसी एक व्यक्ति, संगठन अथवा समूह की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक दायित्व है। इसके लिए आवश्यक है कि प्रत्येक कर्मचारी अपनी कार्यप्रणाली में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक बरेका में तीन माह का सतर्कता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अंकुर चंद्रा ने अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर आधारित इस अभियान के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। साथ ही सेमिनार, क्विज प्रतियोगिता एवं विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक आचरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सतर्कता बुलेटिन ‘प्रबोध’ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा तथा इसके माध्यम से प्राप्त संदेश उन्हें अपने व्यक्तिगत जीवन एवं कार्यक्षेत्र में सत्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार श्री मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, मुख्य विद्युत सर्विस इंजीनियर श्री मनोज कुमार गुप्ता, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (डीजल) श्री प्रवीण कुमार, मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) श्री अरविंद कुमार जैन, मुख्य इंजीनियर श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक श्री सागर, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री नीरज सिंह तथा जनसंपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply