
वाराणसी। पड़ाव स्थित अघोर पीठ श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम् अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम में रविवार को निःशुल्क मिर्गी रोग चिकित्सा शिविर में आश्रम के वैद्य रंजीत कुमार ने 14 बच्चों सहित कुल 131 मिर्गी रोग से पीड़ित मरीजों को सूर्योदय से पूर्व आयुर्वेदिक व फकीरी दवा दी। साथ ही नशा से दूर रहने, परहेज करने और उचित खान-पान रखने सम्बन्धी निर्देश भी वैद्य जी ने मरीजों को दिया। ज्यादातर मरीज अपने अभिभावकों के साथ एक दिन पूर्व ही शनिवार की शाम तक आश्रम में पहुंच गए थे। मरीजों और उनके सहयोगियों के ठहरने व भोजन की व्यवस्था संस्था की तरफ से निःशुल्क की गई थी। कुछ स्थानीय मरीज रविवार को सुबह आश्रम में पहुँचकर दवा प्राप्त किया। मिर्गी रोग से पीड़ित मरीज देश के विभिन्न प्रान्तों हिमांचल प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, बेंगलोर, दिल्ली, मध्य प्रदेश, झारखण्ड, बिहार, उत्तर प्रदेश के अलावा विदेश में आस्ट्रेलिया और नेपाल से भी आकर दवा लिया। इन मरीजों में कुछ मरीज ऐसे भी थे जो दूसरी बार दवा लेने आये थे, उन मरीजों ने बताया कि पहली बार की दवा से उन्हें काफी लाभ हुआ है। इसलिए वो दूसरी बार दवा लेने आये हैं क्योंकि वह पूरी तरह से रोगमुक्त होना चाहते हैं।
