
प्रदर्शनी में महिला इनोवेशन का प्रदर्शन, फैशन शो डांडिया नृत्य सहित विविध कार्यक्रम
वाराणसी। महिलाओं के अंदर छुपी प्रतिभाओं एवं उनके हुनर को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से भारत सरकार एवं साईं इंस्टीट्यूट आफ रूरल डेवलपमेंट संस्था व हुनर ए बनारस के संयुक्त तत्वाधान में तीन दिवसीय बनारस ट्रेड फेयर एवं प्रदर्शनी का आयोजन आगामी 4 से 6 अक्टूबर तक वाराणसी के चांदपुर में किया जायेगा। ट्रेड फेयर में महिला सम्मान,महिला इनोवेशन, फैशन शो, डांसिंग डांडिया नृत्य सहित विविध कल्चरल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साईं इंस्टीट्यूट के निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि सरकार की पहल पर ट्रेड फेयर में महिलाओं द्वारा उद्यमिता, इनोवेशन आधारित कार्य, संस्कृति, सामाजिक सेवाएं, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सहित अन्य क्षेत्रों में बेहतर कार्य कर रही महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। फेयर में विभिन्न स्टालों सहित फैशन शो, डांडिया नृत्य सहित कई कार्यक्रम होंगे। तीन दिवसीय कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल महामहिम आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, गिरिराज सिंह सहित कई विशिष्ट लोग भाग लेंगे।
