वाराणसी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देशानुसार बुधवार को सपा का आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमण्डल बेनीपुर महेशपट्टी गाँव पहुँचा। विगत दिनों ग्राम सभा बेनीपुर में दबंगों द्वारा जमीन संबंधी विवाद को लेकर मुन्नीलाल मौर्य के ऊपर बड़ी बेरहमी से जानलेवा हमला किया गया था। जिसमें गंभीर रूप से घायल मुन्नीलाल का इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बेनीपुर जाकर मृतक के घायल पुत्र कमलेश मौर्या व शोक संतप्त परिवार से मिलकर उनका हाल चाल जाना और उनको विश्वास दिलाया कि इस संकट की घड़ी में सपा उनके साथ है।

प्रतिनिधिमंडल में लाल बिहारी यादव सदस्य विधान परिषद, आशुतोष सिन्हा सदस्य विधान परिषद, सुरेंद्र सिंह पटेल पूर्व मंत्री, उदयलाल मौर्य पूर्व विधायक, सुजीत यादव लक्कड़ जिलाध्यक्ष, आनंद मौर्य जिला महासचिव, प्रदीप कुमार मौर्य वरिष्ठ नेता, हृदय मौर्य वरिष्ठ नेता शामिल थे। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि घटनास्थल बेनीपुर महेशपट्टी जाकर वहां पर लोगों से बातचीत व ग्रामवासियों से जानकारी लेने के बाद इस घटना के पीछे जिला प्रशासन की उदासीनता साफ नजर आयी। दबंगों द्बारा जिस तरह से खुलेआम घर पर धावा बोलकर जानलेवा हमला किया गया। वह जघन्य अपराध है और अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाय। प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने जिलाधिकारी व पुलिस कमिश्नर से फोन पर वार्ताकर घटना की निष्पक्ष जांच पर जोर दिया तथा घटना में सम्मिलित सभी दोषियों की यथाशीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार की सुरक्षा और उनको पचास लाख आर्थिक मदद किये जाने की भी मांग की है। प्रतिनिधि मंडल में एमएलसीद्वय लाल बिहारी यादव एवं आशुतोष सिन्हा ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए इस प्रकरण को विधान परिषद में भी रखा जाएगा।

जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने बताया कि घटनाक्रम की रिपोर्ट बनाकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेज दिया गया है।

प्रतिनिधिमंडल के अलावा जिला उपाध्यक्ष कन्हैया राजभर, रामसिंह यादव, हीरालाल मौर्या व पखंडी बिन्द आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *