वाराणसी। उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में रविवार को विशाल भव्य तिरंगा यात्रा मलदहिया स्थित सरदार बल्लभ भाई पटेल चौराहा से गुलाब बाग होते हुए आईपी माल से भारत माता मंदिर तक निकाली गई। भव्य तिरंगा यात्रा में भारत के आन बान शान का प्रतीक 250 फिट लंबा राष्ट्रीय ध्वज लगाया गया था। जो आकर्षण का केंद्र रहा। इसके साथ ही 20×30 फिट का एक और राष्ट्रीय ध्वज स्कूली बच्चों के साथ ही तिरंगा यात्रा में शामिल हजारों लोग अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर और गगन भेदी नारे लगाते हुए चल रहे थे। यात्रा की शुरुआत मंत्री रविंद्र जायसवाल द्वारा मलदहिया चौराहा स्थित लौह पुरुष वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शुरू की गई। जिसमें पुलिस, पीएसी, होमगार्डस, पीआरडी एवं एनडीआरफ के जवानों के अतिरिक्त उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के हजारों लोग शामिल रहे। जो मलदहिया से गुलाब बाग होते हुए आईपी माल से भारत माता मंदिर पर माल्यार्पण संपन्न हुआ। भारत माता मंदिर पर लोगों ने शपथ ली कि “सौगंध भारत मां की खाते हैं, पीओके को लेकर रहेंगे”। इस दौरान जवानों को मंत्री ने सम्मानित भी किया।

भव्य तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पाकिस्तान पर आपरेशन सिंदूर की गौरवमयी सफलता तथा मातृभूमि की रक्षा में भारत की तीनों सेनाओं के अद्वितीय साहस, शौर्य व बलिदान को नमन करते हुए देश व सेना के सम्मान में यह तिरंगा यात्रा निकाला जा रहा है। देशवासियों को अपने सैनिकों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि देश के वीर सैनिक भीषण सर्दी, गर्मी एवं बरसात में देश की सरहदों पर रहकर देश की सुरक्षा करते हैं तब हम अपने घरों में सुरक्षित रहते हैं। विगत दिनों ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारे सैनिकों ने अपने अदम्य साहस एवं शौर्य का परिचय देते हुए पाकिस्तान को घुटने के बल आने को मजबूर कर दिया। उन्होंने भारत माता मंदिर एवं उसमें स्थापित अखंड भारत के मानचित्र के संबंध में विस्तार से लोगों को बताया।

तिरंगा यात्रा में पार्षदगण, प्रबुद्धजन, सम्मानित व्यक्ति, महिला शक्ति, पदाधिकारीगण, कार्यकर्ताओं के अलावा भारी संख्या में लोग शामिल देवतुल्य रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *