वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त डॉ. एस. चिनप्पा ने सोमवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और कारागार अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जेल की सभी व्यवस्थाएं जेल मैनुअल के अनुसार ही संचालित होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी बैरकों में पहुंचे और वहां कैदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। कुछ बंदियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारीगण जेल अस्पताल पहुंचे और वहां मौजूद चिकित्सा कर्मियों से उपलब्ध दवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने कारागार के किचन का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता जांची और भोजन प्रक्रिया का अवलोकन किया। इसके साथ ही हवालात कार्यालय में जाकर अभिलेखों की जांच की गई। महिला एवं बाल बैरकों का भी निरीक्षण किया गया, जहां बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई।

नियंत्रण कक्ष में जाकर अधिकारियों ने सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने कारागार अधीक्षक को निर्देशित किया कि बंदियों से नियमित रूप से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा, जेल अधीक्षक सौरभ श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *