
वाराणसी। श्री अग्रसेन जयंती समारोह के समापन अवसर पर रविवार को काशी अग्रवाल समाज की ओर से महाराज अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बांसफाटक स्थित शापुरी माल से शुरू हुई शोभायात्रा काशी विश्वनाथ धाम, चौक, बुलानाला होते हुए श्री अग्रसेन पीजी कॉलेज पहुँची। घोड़ों पर 18 गोत्रों के स्वरूप, कन्याओं द्वारा कलश यात्रा और महालक्ष्मी स्वरूप रथ मुख्य आकर्षण रहे।
श्री अग्रसेन इंटर कॉलेज में आयोजित सभा का शुभारंभ मुख्य अतिथि नितिन अग्रवाल, आबकारी एवं मद्यनिषेध मंत्री तथा समाज के सभापति संतोष अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान हेतु 16 समाजसेवियों को श्री अग्रसेन रत्न और 8 समाजसेवियों को समाज रत्न सम्मान प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने नवरात्रि थीम पर आकर्षक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन दीपक अग्रवाल और धन्यवाद ज्ञापन राजकिशोर चंद्र अग्रवाल ने किया।
