वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा में बीती रात एक व्यक्ति की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई।

मृतक की पहचान दानिश रजा (40) के रूप में हुई है। दानिश का शव सुबह घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई है।

जानकारी के अनुसार, दानिश पिछले दो दिनों से किसी को दिखाई नहीं दिया था। कल छुट्टी होने के कारण वह घर पर ही था। बताया जा रहा है कि वह घर के निचले हिस्से में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहता था, जबकि ऊपर परिवार के अन्य सदस्य रहते हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि सीसीटीवी फुटेज में घर में किसी के आने-जाने का कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं पत्नी का कहना है कि वह कल रात नींद की गोली खाकर सो गई थी और पति की मौत के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। पुलिस पूछताछ में वह लगातार गोलमोल जवाब दे रही है, जिससे संदेह और गहराता जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दानिश का स्वभाव मिलनसार था और उसकी किसी से गहरी रंजिश की जानकारी नहीं थी। अचानक हुई इस घटना से मोहल्ले में सनसनी है। कई लोगों का मानना है कि मामला पारिवारिक विवाद से भी जुड़ा हो सकता है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हर एंगल से जांच की जा रही है। पत्नी की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि उसे रात से ही पति की मौत की जानकारी थी, लेकिन उसने किसी को बताया नहीं। पुलिस बच्चों और परिजनों से भी पूछताछ कर रही है।

सिर पर गंभीर चोट के निशान और शरीर पर घाव मिलने से पुलिस हत्या के बिंदु पर गहन जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *