
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता सबका दिल
नजर न्यूज नेटवर्क/प्रमुख संवाददाता
वाराणसी। वृद्धजन आवास (सारनाथ) में बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या के पूर्व कुलपति प्रो. जी.सी. जायसवाल रहे। अतिथियों का स्वागत संयोजक एवं संस्था के प्रबंधक धीरेन्द्र कुमार राय ने किया।
आयोजन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति आदर और सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करना तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और बुजुर्गों के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी, प्रबुद्धजन और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की सबसे आकर्षक झलक वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ रहीं, जिन्होंने अपने गीत-संगीत से सभी का मन मोह लिया। पूरा परिसर उल्लास और सम्मान की भावना से भर गया।
संचालन डॉ. शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने किया और धन्यवाद ज्ञापन अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने दिया। इस अवसर पर नागरिक सुरक्षा कलेक्ट्रेट प्रखंड के डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय, डिप्टी डिवीजनल वार्डेन अरविन्द विश्वकर्मा, अंजनी कुमार सिंह, किशोर सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
