
वाराणसी। युवा अग्रवाल सम्मेलन द्वारा श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज टाउनहाल परिसर में आयोजित पाँच दिवसीय श्री महालक्ष्मी पूजनोत्सव का समापन गुरुवार को कलश विसर्जन एवं अन्नकूट महापूजन के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। पूजनोत्सव के अंतिम दिन पंडित विकास महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्ण विधि-विधान के साथ पंच प्रतिमाओं महाबली हनुमान, माता सरस्वती, माता श्री महालक्ष्मी, माता काली एवं भगवान गणेश का पुष्प श्रृंगार कर अन्नकूट पूजन कराया। पंचमेवा, मिष्ठान, फल एवं विविध व्यंजनों से भोग अर्पित कर कलश विसर्जन की रस्म संपन्न हुई। इस दौरान श्री काशी अग्रवाल समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवाल ने पंच प्रतिमाओं का पूजन-दर्शन कर महाआरती की और राष्ट्र एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। कार्यक्रम में विशेष रूप से यह परंपरा निभाई गई कि प्रतिमाओं का विसर्जन न कर केवल प्रतिस्थापित कलश का विसर्जन किया गया।
अन्नकूट एवं विसर्जन पूजा में सचिन अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल एवं देवांग अग्रवाल ने प्रमुख भूमिका निभाई, जबकि हर्षवर्धन अग्रवाल एवं ध्रुव अग्रवाल ने महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री डॉ. रचना अग्रवाल, मंत्री दीपक अग्रवाल, राजकिशोर चंद्र अग्रवाल, अजय कृष्ण अग्रवाल, प्रद्युम्न अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, सलिल अग्रवाल, आमोद अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल, विनय अग्रवाल, दिव्य विभव बंसल सहित अग्रवाल समाज के सदस्य उपस्थित रहे।
