
वाराणसी। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उपशाखा सदर तहसील के अध्यक्ष धर्मेन्द्र प्रताप सिंह व मंत्री श्यामानंद सागर ने सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एसडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नितिन सिंह को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित आठ सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन संघ के प्रादेशिक नेतृत्व के आह्वान पर प्रदेशभर की तहसीलों में समाधान दिवस के अवसर पर दिया गया। संघ ने बताया कि लेखपालों की प्रमुख मांगे नौ वर्षों से शासन स्तर पर लंबित हैं। इनमें लेखपाल पद की शैक्षणिक योग्यता एवं पदनाम परिवर्तन, प्रारंभिक वेतनमान का उच्चीकरण, एसीपी व पुरानी पेंशन विसंगति का निस्तारण, जनसंख्या वृद्धि के अनुपात में राजस्व कर्मचारियों के अतिरिक्त पद सृजन, स्टेशनरी भत्ता ₹100 से बढ़ाकर ₹1000 करने, साइकिल भत्ता के स्थान पर मोटरसाइकिल भत्ता स्वीकृत करने और विशेष भत्ता ₹100 से बढ़ाकर ₹2500 करने की मांग शामिल है। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि कई बार पत्राचार और विभागीय सहमति के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र शासनादेश जारी करने निवेदन किया।
