
वाराणसी। हंसी, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर माहौल में राजर्षि हास्य दरबार का 23वां वार्षिक उत्सव (स्थापना दिवस) धूमधाम से केक काट कर मनाया गया। संस्थापक आरपी गुप्ता ने बताया कि दिसम्बर 2002 में स्थापित यह हास्य दरबार प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे नियमित रूप से संचालित होता है। जिसमें 50 से 90 वर्ष आयु वर्ग के सदस्य सक्रिय रूप से भाग लेते हैं। समारोह के दौरान नमस्ते लाफ, अंगड़ाई लाफ, जापानी लाफ, चाइनीज गुस्सा, सिंह गर्जना, गोलमाल, मयूर डांस, हारमोनियम लाफ और झूला लाफ जैसे अनोखे व्यायामों की प्रस्तुति ने वातावरण को ठहाकों से भर दिया। चुटकुलों और रोचक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को तनावमुक्त और प्रसन्न रहने का संदेश दिया गया। सदस्यों ने बताया कि नियमित हंसी शरीर में एड्रेनेलिन हार्मोन के स्राव को बढ़ाती है, जिससे हृदय गति सक्रिय होती है और रक्तचाप नियंत्रित रहता है। विशेषज्ञों के अनुसार 3–4 मिनट का जोरदार ठहाका चार–पाँच किलोमीटर की दौड़ के बराबर लाभ देता है। इस अवसर पर अध्यक्ष तारा सिंह, तेज प्रताप सिंह, नरेन्द्र कुमार द्विवेदी,योगनाथ सिंह , बृजेश चंद पांडेय, नीलम सिंह, कृष्ण कुमार प्रजापति,डा.रत्नेश चंद्र अग्रवाल,अशोक सिंह, अरविन्द सिंह आदि सहित अनेक सदस्यों की उपस्थिति से कार्यक्रम और भी जीवंत हो उठा। संचालन संस्थापक आर.पी. गुप्ता ने किया।
