
वाराणसी। चिरगांव में शुक्रवार को समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत स्पेशल प्रोजेक्ट फॉर इक्विटी के तहत मीना मंच ने सशक्तिकरण एवं नेतृत्व क्षमता विकास विषय पर आयोजित दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ ब्लॉक संसाधन केंद्र, चिरईगांव में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ माता सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एसआरजी और मास्टर ट्रेनर श्री राजीव कुमार सिंह ने किया ।
इस अवसर पर कार्यशाला की दूसरी मास्टर ट्रेनर और एकेडमिक रिसोर्स पर्सन श्रीमती रश्मि त्रिपाठी, पीएलसी सदस्य पूर्व एकेडमिक रिसोर्स पर्सन श्री मनीष कुशवाहा रहे।
इस दो दिवसीय प्रशिक्षण का उद्देश्य बालिकाओं के शैक्षिक सशक्तिकरण, नेतृत्व क्षमता विकास, जीवन कौशल शिक्षा तथा आत्मविश्वास निर्माण को बढ़ावा देना है।
प्रशिक्षण में मीना मंच की भूमिका, बालिकाओं के अधिकार, लैंगिक समानता, आत्मरक्षा, संवाद कौशल एवं सामाजिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में एसआरजी, एआरपी 47 सुगमकर्ता, शिक्षक- शिक्षिकाएं एवं संसाधन व्यक्तियों की सक्रिय सहभागिता रही। प्रशिक्षण सत्रों में सहभागियों को समूह कार्य, गतिविधि आधारित अधिगम एवं अनुभव साझा करने के अवसर प्रदान किए गए।
प्रशिक्षण के दौरान यूनिसेफ एवं समग्र शिक्षा से संबंधित शैक्षिक प्रस्तुतियां भी प्रदर्शित की गईं, जिससे प्रतिभागियों को नई शैक्षणिक दृष्टि एवं व्यवहारिक समझ प्राप्त हुई।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसे विद्यालय स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प लिया।
