
राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अन्तर्गत विद्यार्थियों का ज्ञान वर्धन
वाराणसी।चिरईगांव ब्लॉक संसाधन केंद्र पर राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों की विज्ञान आधारित क्विज़ प्रतियोगिता का सफल एवं प्रेरणा दायी आयोजन सोमवार किया गया।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक सोच, नवाचार एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करना रहा।
यह प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की गई।
प्रथम चरण में ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए मल्टीपल चॉइस प्रश्न एमसीक्यू आधारित लिखित परीक्षा आयोजित की गई।
जिसके आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 25 विद्यार्थियों का चयन द्वितीय चरण हेतु किया गया।
द्वितीय चरण में चयनित विद्यार्थियों को रैंडम चयन के आधार पर पांच–पांच विद्यार्थियों की टीमों में विभाजित किया गया।
उक्त टीमों को महान भारतीय वैज्ञानिकों डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम, सी. वी. रमन, जगदीश चंद्र बोस, होमी जहाँगीर भाभा , विक्रम साराभाई आदि के नाम पर रखा गया। डेस्क राउंड के माध्यम से प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें सभी टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रतियोगिता के अंत में विजेता टीम के पांचों विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य सभी विद्यार्थियों को प्रतिभागिता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के योगदान के बारे में विस्तार से बताया गया।
इससे बच्चों में गणित के प्रति रुचि एवं आत्मविश्वास का विकास हुआ।
विज्ञान विषय पर आयोजित इस क्विज प्रतियोगिता के संचालन और आयोजन में विशेष भूमिका विज्ञान विषय की एआरपी श्रीमती रश्मि त्रिपाठी ने निभाई। एआरपी सामाजिक विषय के उमेश त्रिपाठी, एआरपी गणित के श्रीनिवास सिंह और पूर्व एआरपी मनीष कुशवाहा का विशेष सहयोग रहा । कल्पना तिवारी,अर्चना सिंह, अल्का श्रीवास्तव, ब्रह्मानन्द राय एवं कमलेश कुमार ने निरीक्षक/मूल्यांकन कर महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती प्रीती सिंह ने विद्यार्थियों को विशेष प्रेरणादायी संदेश दिया गया।
उन्होंने बच्चों को बड़े सपने देखने, निरंतर परिश्रम करने, प्रश्न पूछने की आदत विकसित करने तथा विज्ञान और गणित को जीवन से जोड़कर सीखने के लिए प्रेरित किया।
इस प्रेरक संवाद ने विद्यार्थियों के मन में आत्मविश्वास, जिज्ञासा और आगे बढ़ने की नई ऊर्जा का संचार किया।कुल मिलाकर यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं स्मरणीय रहा, जिसने राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के उद्देश्यों को सार्थक रूप से साकार किया।
