सात दिवसीय आयोजन में संस्कृति, इतिहास और व्यक्तित्व विकास से जुड़े प्रतिभागी

 

वाराणसी। मेरा युवा भारत के तत्वावधान में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय के सहयोग से सात दिवसीय जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन लोहता स्थित शगुन पैलेस, भट्टी में किया गया। 12 से 18 फरवरी तक चले इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय युवाओं को वाराणसी की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक स्थलों और आध्यात्मिक परंपराओं से परिचित कराया गया।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने घाटों और मंदिरों का दर्शन कर भारतीय संस्कृति के प्रति गहरा जुड़ाव महसूस किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ते हुए राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।

मुख्य अतिथि स्वामी हरि प्रकाशानंद ने युवाओं को संयम, संस्कार और संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि कपिल देव राम (उपनिदेशक, मेरा युवा भारत, गाजीपुर) ने कहा कि युवा राष्ट्र की वास्तविक शक्ति हैं। राम गोपाल सिंह चौहान (जिला युवा अधिकारी, संत रविदास नगर भदोही) ने लक्ष्य निर्धारण और अनुशासन पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन सृजन चतुर्वेदी ने किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत भाषण एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संयोजन और धन्यवाद ज्ञापन जिला युवा अधिकारी यतेन्द्र सिंह ने किया।विजेताओं को प्रमाण पत्र, पुरस्कार राशि और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

अतिथियों का अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह से स्वागत किया गया। जिला युवा अधिकारी यतेन्द्र सिंह के अनुसार यह कार्यक्रम युवाओं के व्यक्तित्व विकास और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *