
वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन, वाराणसी मंडल द्वारा पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ कार्यालय प्रांगण में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शाम 4 बजे से प्रारंभ हुआ। जिसमें एसोसिएशन के महिला सदस्यों तथा परिवार के साथ आए सदस्यों की महिलाओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही एसोसिएशन की ओर से सभी महिलाओं को एक-एक बैग भी प्रदान किया गया।
अध्यक्षता करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत किया और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व तथा वर्ष 2026 की थीम पर प्रकाश डालते हुए सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संगठन की महिला सदस्य अपनी निष्ठा और सक्रिय योगदान से एसोसिएशन को मजबूती प्रदान कर रही हैं, जिन पर सभी को गर्व है। इस अवसर पर भारत पेंशनर्स समाज नई दिल्ली के कार्यकारी अध्यक्ष अमिय रमण द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश को वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैलाश नाथ शर्मा ने पढ़कर सुनाया, जिसकी सभी उपस्थित लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम में प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने महिला सदस्यों को फैमिली पेंशन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी तथा स्वास्थ्य से जुड़ी उपयोगी जानकारियां भी प्रदान कीं।
सम्मान समारोह के दौरान महिला सदस्यों ने भी अपने विचार साझा किए और भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम में गीत-संगीत के साथ सभी ने अल्पाहार का आनंद लिया तथा एक-दूसरे को आगामी होली पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। संचालन मंडल मंत्री ए.के. पाठक, धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव ने दिया। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
