
नागरिक सुरक्षा की ओर से महिला रक्तदाताओं का सम्मान
वाराणसी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नागरिक सुरक्षा कलेक्ट्रेट प्रखंड की ओर से नियमित रक्तदान करने वाली महिला रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान शिविर में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 15 यूनिट रक्तदान किया। मुख्य अतिथि सहायक उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा विवेक कुमार राय रहे। शिविर संयोजक कलेक्ट्रेट प्रखंड के डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय ने अतिथियों का स्वागत किया। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी समाज में सकारात्मक संदेश देती है। शिविर में रंजू यादव,प्रियंका गोस्वामी, डा.दिव्या राय, डा.विजेन्द्र सिंह आदि ने रक्तदान किया। इस अवसर पर डिप्टी डिवीजनल वार्डेन अरविन्द विश्वकर्मा, अंजनी कुमार सिंह सहित नागरिक सुरक्षा के कई पदाधिकारी और स्वयंसेवक मौजूद रहे।
