
वाराणसी।रियल मीडिया फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संपादक डॉ पंकज श्रीवास्तव की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वर्तमान परिस्थितियों में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर उत्पन्न हो रही समस्याएँ भविष्य में गंभीर स्थिति का रूप ले सकती हैं। समाजसेवी रियल मीडिया फाउंडेशन के महासचिव डॉ मनोज कुमार श्रीवास्तव के वक्तव्य का उल्लेख करते हुए कहा गया कि जिस प्रकार गैस सिलेंडर को लेकर कई स्थानों पर हाहाकार की स्थिति देखने को मिल रही है, वह आने वाले समय में कोरोना काल से भी अधिक चुनौतीपूर्ण हालात पैदा कर सकती है।
उन्होंने कहा कि यदि घरों में राशन और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध भी हो, लेकिन भोजन बनाने के लिए गैस की व्यवस्था प्रभावित होती है, तो शहरों में रहने वाले लोगों के लिए जीवन अत्यंत कठिन हो सकता है। यह स्थिति इस बात का संकेत है कि संकट की परिस्थितियाँ किस प्रकार आम जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं।
रियल मीडिया फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष/संपादक डॉ पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए समय रहते ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। साथ ही आम जनता को भी सतर्क और जागरूक रहने की जरूरत है, क्योंकि इस तरह की समस्याओं का समाधान केवल जनसहयोग और प्रशासनिक प्रयासों से ही संभव है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत सरकार और संबंधित विभाग जल्द ही इस संभावित संकट से निपटने के लिए प्रभावी समाधान और व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
