
369 लोगों को मिला चिकित्सकीय परामर्श
वाराणसी। श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय जिला चिकित्सालय के सम्पूर्ण सुरक्षा केंद्र की ओर से पूर्व माध्यमिक विद्यालय, सूजाबाद, पड़ाव में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक डॉ. सुनील कुमार पटेल ने किया। इस अवसर पर डॉ. पियूष राय, डॉ. मुकुंद जी श्रीवास्तव, क्षेत्रीय पार्षद, ग्राम प्रधान, एनवाईके प्रतिनिधि डॉ. नन्द किशोर, नेशनल काउंसलर डॉ. रविंद्र सहाय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
शिविर में कुल 375 लोगों का पंजीकरण किया गया, जिनमें से 369 लोगों को डॉ. संजीव कुमार सिंह द्वारा चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। इसके साथ ही सभी पंजीकृत मरीजों को परामर्शदाता मनीषा राय, मनीष कुमार सोनकर और बच्चालाल यादव ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी।
मानसिक स्वास्थ्य परामर्शदाता इरा त्रिपाठी, अजय कुमार श्रीवास्तव (नशा मुक्ति केंद्र) और शुभम श्रीवास्तव (किशोरावस्था परामर्श) ने भी लोगों को आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में टीबी स्क्रीनिंग के साथ-साथ एचआईवी, हेपेटाइटिस बी, हेपेटाइटिस सी और वी.डी.आर.एल. की जांच की गई, जिसमें लगभग 225 लोगों का रक्त परीक्षण संजय सिंह (लैब टेक्नीशियन) द्वारा किया गया।
जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को फार्मासिस्ट जितेंद्र कुमार द्वारा निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
मंडलीय अपर निदेशक/प्रमुख अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार एवं प्रभारी डॉ. अभिषेक राय तथा डॉ. मुकुंद जी श्रीवास्तव के निर्देश पर डॉ. संजीव सिंह के मार्गदर्शन में शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर के संचालन में राकेश कुमार (एसएसके प्रबंधक), किशन पाल, विशाल शास्त्री (एसएसके आउटरीच वर्कर) तथा एसएसके की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
