वाराणसी। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस की सुविधा को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से घरेलू पाइपलाइन गैस (पीएनजी) योजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत अब लोगों को सीधे उनके घरों की रसोई तक गैस उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रबीन्द्र जायसवाल के निर्देश पर रविवार से शहर के सभी आठ जोनल कार्यालयों में विशेष कैम्प लगाए गए हैं। इन कैम्पों में नागरिकों को घरेलू पाइपलाइन गैस कनेक्शन के लिए आवेदन करने और आवश्यक प्रक्रिया तुरंत पूरी कराने की सुविधा दी जा रही है। अभियान के पहले दिन मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने नदेसर स्थित नगर निगम के जोनल कार्यालय में लगाए गए कैम्प का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजना की प्रगति की जानकारी ली और लोगों को शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि शहर के हर घर तक सुरक्षित और सस्ती गैस सुविधा पहुंचे, इसलिए इस कार्य को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए। अधिकारियों के अनुसार गैस आपूर्ति के लिए लगभग 102 किलोमीटर स्टील की हाई प्रेशर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जो मुख्य गैस वितरण प्रणाली का आधार बनेगी। इसके अलावा शहर और आसपास के क्षेत्रों में घरों तक गैस पहुंचाने के लिए करीब 1450 किलोमीटर प्लास्टिक की लो प्रेशर पाइपलाइन का जाल भी बिछाया जा चुका है। मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने बताया कि नगर निगम के सभी जोनल कार्यालयों में लगाए गए कैम्पों में लोगों को योजना की पूरी जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों द्वारा आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और कनेक्शन मिलने की पूरी जानकारी नागरिकों को दी जा रही है। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कैम्प में आए लोगों से बातचीत भी की और अधिक से अधिक लोगों से योजना का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवेदन मिलने के एक सप्ताह के भीतर घरों की रसोई तक गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए।

गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 7268071339 और 9454535384 जारी किए गए हैं, जिन पर नागरिक कभी भी संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *