
डॉ. अनुराग टंडन का सेवा कार्य अनुकरणीय :- मेयर अशोक तिवारी
वाराणसी। सलारपुर स्थित पंजाबी अस्पताल में रविवार को खत्री हितकारिणी महासभा के तत्वावधान में निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान जरूरतमंद 50 मरीजों को निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेयर अशोक तिवारी रहे, जबकि दवाओं का वितरण वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम कपूर के पुत्र मनीष कपूर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर अशोक तिवारी ने पंजाबी अस्पताल द्वारा 47 वर्षों से निरंतर किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।
उन्होंने विशेष रूप से डॉ. अनुराग टंडन के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि नेत्र रोगों के उपचार और समाज सेवा के क्षेत्र में उनका कार्य अनुकरणीय है और समाज के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने अस्पताल की कार्यकारिणी के सदस्यों को भी इस सेवा कार्य के लिए धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर खत्री हितकारिणी सभा के अध्यक्ष दीपक बहल ने अस्पताल के कार्यवाहक गौतम टंडन को 21 हजार रुपये की धनराशि दान स्वरूप प्रदान की।
दीपक बहल ने बताया कि डॉ. अनुराग टंडन द्वारा अब तक 30 लाख से अधिक लोगों का नेत्र परीक्षण तथा डेढ़ लाख मरीजों का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जाना समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
डॉ. अनुराग टंडन ने बताया कि पंजाबी अस्पताल में प्रतिदिन ओपीडी संचालित होती है। इसके अंतर्गत जनरल ओपीडी तथा नेत्र ओपीडी में नियमित रूप से मरीजों का उपचार किया जा रहा है, जिसमें वे स्वयं अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश जी, समाज के महामंत्री शम्मी खत्री, कोषाध्यक्ष विनीत मेहरा, सुनील मेहरा, डॉ. सत्यनारायण, डॉ. अर्चना नागर, क्षेत्रीय सभासद सहित आसपास के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में अस्पताल के संस्थापक संरक्षक एवं पूर्व एमएलसी अशोक धवन तथा संरक्षक मुकुंद लाल टंडन ने कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया।
