
वाराणसी। होली का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक है। इसी भावना को साकार करते हुए रविवार को शिवपुर क्षेत्र के कादम्बनी लॉन में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। रंगों के इस उल्लासपूर्ण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और महिलाओं ने भाग लिया। जिसमें प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं वाराणसी शहर दक्षिणी के विधायक रविन्द्र जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर- गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया। पूरा कार्यक्रम स्थल रंग-बिरंगे गुलाल और होली के गीतों से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों का मनमोह लिया।
मुख्य अतिथि रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि होली का पर्व भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण उत्सव है, जो समाज में आपसी प्रेम और एकता का संदेश देता है।होली केवल रंगों का त्योहार नहीं बल्कि यह दिलों को जोड़ने वाला पर्व है। समाज में प्रेम और सौहार्द बनाए रखने के लिए इस तरह के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि वाराणसी की सांस्कृतिक परंपरा पूरे देश में प्रसिद्ध है। यहां के लोग हर त्योहार को पूरे उत्साह और मिलजुलकर मनाते हैं। होली का पर्व भी इसी परंपरा का प्रतीक है, जिसमें लोग पुराने मतभेद भूलकर एक-दूसरे को गले लगाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वाराणसी का सर्वांगीण विकास हो रहा है। शहर में सड़क, घाट, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य केवल विकास करना ही नहीं बल्कि समाज में सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं को भी मजबूत करना है। मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि वाराणसी शहर दक्षिणी क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। सड़क, नाली, बिजली और जलापूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे समाज में प्रेम और सद्भाव बनाए रखें तथा त्योहारों को मिलजुलकर मनाएं। इससे समाज में सकारात्मक वातावरण बनता है और आपसी रिश्ते मजबूत होते हैं।
होली मिलन समारोह में कलाकारों ने पारंपरिक होली गीत और फाग प्रस्तुत कर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। “होली खेले रघुवीरा अवध में” और “रंग बरसे” जैसे गीतों पर लोगों ने खूब आनंद लिया।
कार्यक्रम में लोगों ने अल्पाहार के साथ मिष्ठान और गुच्छियां का भी स्वाद चखा।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, राकेश शर्मा, नवीन कपूर, जगदीश त्रिपाठी, मधुकर चित्रांश, राजेश यादव, बृजेश चौरसिया, विवेक पांडे, रचना अग्रवाल, अशोक कुमार, मनोज सोनकर, दिलीप चौहान, अतुल सिंह, पार्षदगण रोहित मिश्रा, अशोक कुमार मौर्य, संजय जायसवाल, मनमोहन दुबे, राजेश यादव, राजेंद्र मौर्य, बृजेश श्रीवास्तव, कुसुम पटेल संजू सरोज, लीला देवी, सुशील गुप्ता, सिद्धनाथ शर्मा, राजेंद्र यादव, बलिराम कनौजिया, जितेंद्र कुशवाहा, रिंकू मौर्या आदि भारी संख्या में लोग उपस्थित है।
