नजर न्यूज नेटवर्क/ मुख्य संवाददाता 

वाराणसी। होलापुर स्थित प्राचीन बंधेवीर बाबा मंदिर प्रांगण में आयोजित छह दिवसीय श्रीराम कथा का मंगलवार देर शाम भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में महाआरती के साथ भव्य समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल बना रहा और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचते रहे। कथा के अंतिम दिन कथावाचक दिनेश महाराज ने भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े केवट प्रसंग और राजगद्दी प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। केवट प्रसंग में भगवान राम और केवट की भक्ति, समर्पण और प्रेम का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। वहीं राजगद्दी प्रसंग में प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक का वर्णन सुनते ही पूरा कथा स्थल “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा। समापन पर विधिवत महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान की आराधना की। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों व क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *