दर्शन शास्त्र विभाग ने व्याख्यान माला का किया आयोजन

 

 

वाराणसी। कमच्छा स्थित वसन्त कन्या महाविद्यालय में दर्शन शास्त्र विभाग के तत्वावधान में विश्व दर्शन दिवस का आयोजन एवं भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद् द्वारा वित्तपोषित व्याख्यानमाला का शुभारम्भ किया गया।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो ऋषि कान्त पाण्डेय (पूर्व विभागाध्यक्ष, दर्शनशास्त्र विभाग, इलाहाबाद विश्वविद्यालय) प्रयागराज थे।

कार्यक्रम का शुभारम्भ डॉ एनी बेसेण्ट के चित्र पर पुष्पार्चन एवं महाविद्यालय के कुलगीत से हुआ।

 

मुख्य अतिथि का स्वागत महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो आशा यादव ने किया। उन्होंने अपने स्वागत उद्बोधन में विश्व दर्शन दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज का दिन केवल आयोजन का दिन नहीं है बल्कि यह आत्मचिंतन, विवेक, तार्किकता और मानवीय मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः स्मरण करने का अवसर है। दर्शन शास्त्र मानव सभ्यता की वह बौद्धिक एवं आध्यात्मिक विरासत है, जिसमें मनुष्य को केवल संसार को देखने की दृष्टि ही नहीं बल्कि स्वयं को समझने एवं सत्य की खोज करने की प्रेरणा भी दी है। दर्शन का मूल उद्देश्य जीवन को विवेकपूर्ण और सार्थक बनाना है।

 

मुख्य अतिथि प्रो ऋषिकान्त पाण्डेय ने भारतीय ज्ञान परंपरा और अद्वैत वेदांत विषय पर अपने व्याख्यान में भारतीय ज्ञान परंपरा से छात्राओं को अवगत कराया तथा उन्होंने कहा की भारतीय ज्ञान परंपरा वह समुद्र है जिसमें अनेक रत्न विद्यमान है जो एक दूसरे से अर्तसम्बंधित है। यहाँ ज्ञान सत्, और मूल्य अलग-अलग नहीं अपितु तीनों एक-दूसरे से अनन्य रूप से जुड़े हैैं।

 

मुख्य अतिथि ने कहा की ज्ञान और विवेक को प्रायः एक ही मान लिया जाता है जबकि वास्तव में यह दोनो अलग-अलग है। ज्ञान का तात्पर्य क्या कहना है वहीं विवेक का तात्पर्य कैसे, कहा और कब कहना है, अर्थात ज्ञान एक साधन है जबकि विवेक वह कौशल है जो ज्ञान रूपी साधन का कैसे उपयोग किया जाए इसकी सीख देता है। विवेक वस्तुतः सत्यम् शिवम् सुन्दरम् का पयार्यवाची है। उन्होने कहा कि यदि ज्ञान मात्र हो तो हो सकता है कि व्यक्ति रावण जैसा बने लेकिन यदि विवेक होगा तो यह निश्चित है कि व्यक्ति मर्यादा पुरूषोत्तम राम जैसा बने।

 

कार्यक्रम की रूपरेखा डॉ मनोज कुमार सिंह ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ प्रतिमा सिंह ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन दर्शन शास्त्र विभाग की विभागाध्यक्षा प्रो. ममता मिश्रा ने किया।

 

महाविद्यालय के कुलगीत की प्रस्तुति प्रोफेसर सीमा वर्मा के निर्देशन में संगीत विभाग की छात्राओं द्वारा की गई।इस अवसर पर महाविद्यालय की अन्य शिक्षक एवं शिक्षिकायें तथा स्नातक एवं परास्नातक की छात्रायें उपस्थित रहीं।

 

इस कार्यक्रम का सफल आयोजन दर्शन शास्त्र विभाग का शैक्षणिक क्लब साक्षी के सदस्य छात्राओ रिया, शिवनी, दिव्या, काजल, अर्पिता, सपना, अदिती, निगार, जया एवं अर्बिश आदि का सक्रिय सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *