राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता मानकों वाले अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत होगा सूचीबद्ध

 

लखनऊ।योगी सरकार आयुष्मान योजना को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश भर में ‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’ अभियान शुरू करने जा रही है।

 

इसका उद्देश्य आयुष्मान भारत योजना के दायरे में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने वाले अधिक से अधिक अस्पतालों को जोड़ना और पहले से सूचीबद्ध अस्पतालों को राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करना है।

 

योगी सरकार का मानना है कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार केवल अस्पतालों और बेड की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि मरीजों को मिलने वाले उपचार की गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वसनीयता में भी निरंतर सुधार होना चाहिए।

 

इसी सोच के तहत प्रस्तावित ‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’ के माध्यम से अस्पतालों को गुणवत्ता आधारित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं वाले अस्पतालों में उपचार कराने के अधिक विकल्प मिल सकेंगे।

 

स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि योगी सरकार प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी के तहत प्रदेश में ‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’ नाम से विशेष अभियान शुरू करने की पहल की गई है।

 

उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में पहले से नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (एनएबीएच) से मान्यता प्राप्त अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध करना है। प्रदेश में ऐसे कई अस्पताल मौजूद हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप अपनी चिकित्सा सेवाओं को विकसित किया है, लेकिन वे अभी तक आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध नहीं हैं। ऐसे अस्पतालों की पहचान कर उन्हें योजना में एम्पैनलमेंट के लिए आमंत्रित और प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन को योजना से जुड़ने की प्रक्रिया और उससे संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी। इससे एक ओर आयुष्मान लाभार्थियों को बेहतर सुविधाओं वाले अस्पतालों में उपचार का अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर योजना के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने वाले संस्थानों का दायरा भी बढ़ेगा।

 

सीईओ ने बताया कि ‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’ का उद्देश्य केवल नए अस्पतालों को योजना से जोड़ना नहीं है, बल्कि पहले से आयुष्मान योजना में सूचीबद्ध अस्पतालों की गुणवत्ता में भी सुधार लाना है। इसके तहत मौजूदा अस्पतालों को एनएबीएच मान्यता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। अस्पतालों को राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप अपनी चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों की सुरक्षा और उपचार व्यवस्था को विकसित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए अस्पतालों को गुणवत्ता मानकों की जानकारी देने, सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों की पहचान करने और एनएबीएच प्रमाणन प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाने पर विशेष जोर रहेगा। अस्पताल प्रबंधन को यह बताया जाएगा कि किस प्रकार निर्धारित मानकों को अपनाकर चिकित्सा सेवाओं को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और मरीजों के अनुकूल बनाया जा सकता है। इस पहल के माध्यम से आयुष्मान योजना से जुड़े अस्पतालों में गुणवत्ता सुधार की एक निरंतर प्रक्रिया विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। इससे मरीजों को उपचार के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ अस्पतालों की जवाबदेही और सेवा मानकों में भी सुधार की उम्मीद है।

 

अभियान के तहत अस्पतालों, चिकित्सा विशेषज्ञों और संबंधित संस्थाओं के साथ संवाद एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से अस्पतालों को गुणवत्ता आधारित स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व और राष्ट्रीय मानकों को अपनाने के लाभों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इस दौरान यह समझाने पर भी जोर रहेगा कि गुणवत्ता प्रमाणन केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह मरीजों की सुरक्षा, बेहतर उपचार व्यवस्था और अस्पतालों की कार्यप्रणाली में सुधार का महत्वपूर्ण माध्यम है। एनएबीएच मान्यता के जरिए अस्पतालों को अपनी सेवाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *