
शास्त्री एवं आचार्य उपाधियों की समकक्षता तथा शिक्षक भर्तियों में पात्रता स्पष्ट करने की दिशा में शासन की महत्वपूर्ण पहल
वाराणसी। देवभाषा संस्कृत की गौरवशाली शैक्षिक परम्परा और उससे जुड़े विद्यार्थियों के भविष्य की दृष्टि से उत्तर प्रदेश शासन की महत्वपूर्ण एवं स्वागतयोग्य पहल सामने आई है। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी की शास्त्री एवं आचार्य उपाधियों को क्रमशः स्नातक (B.A.) एवं स्नातकोत्तर (M.A.) के समकक्ष मानते हुए संस्कृत विषय की टी.जी.टी. एवं पी.जी.टी. शिक्षक भर्तियों में उनकी अर्हता एवं ग्राह्यता स्पष्ट करने के लिए शासन स्तर से आवश्यक कार्यवाही की गई है।
इस क्रम में माध्यमिक शिक्षा की सचिव किंजल सिंह ने(माध्यमिक शिक्षा अनुभाग -05)13 नवम्बर, 2026 को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज को पत्र प्रेषित किया है। इसमें शास्त्री (संस्कृत) उपाधिधारकों को विज्ञापन संख्या 07/2026 के अंतर्गत सहायक अध्यापक (संस्कृत) पद हेतु आवेदन करने में कठिनाई न होने की बात स्पष्ट करते हुए वर्तमान भर्ती विज्ञापन में आवश्यक संशोधन किए जाने का विषय उठाया गया है।
यह पहल संस्कृत के विद्यार्थियों की वर्षों की शैक्षिक साधना, प्रतिभा और परिश्रम को उचित सम्मान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे पारंपरिक संस्कृत शिक्षा को आधुनिक रोजगार की संभावनाओं से जोड़ने तथा संस्कृत विद्यार्थियों के भविष्य के प्रति नई आशा और विश्वास जागृत होगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए उत्तर प्रदेश शासन के प्रति हार्दिक आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि संस्कृत केवल हमारी प्राचीन ज्ञान-परम्परा की अमूल्य धरोहर ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, जीवन-मूल्यों और राष्ट्रीय चेतना का आधार है। संस्कृत के विद्यार्थियों को उनकी अर्जित शैक्षिक योग्यता के अनुरूप सम्मान, पहचान और अवसर प्राप्त होना अत्यंत आवश्यक है। शासन द्वारा इस दिशा में की गई सकारात्मक पहल संस्कृत शिक्षा की प्रतिष्ठा को सुदृढ़ करने के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगी।
कुलपति ने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे दूरदर्शी एवं सकारात्मक निर्णयों से संस्कृत शिक्षा को नई ऊर्जा मिलेगी तथा देववाणी संस्कृत के संरक्षण, संवर्धन और व्यापक प्रसार का संकल्प और अधिक सशक्त होगा।
निस्संदेह, यह पहल केवल उपाधियों की समकक्षता का विषय नहीं, बल्कि संस्कृत की गौरवशाली ज्ञान-परम्परा, उसके साधकों के सम्मान और भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा देने वाला सराहनीय प्रयास है।

Leave a Reply