वाराणसी। शिवपुर में मंगलवार को अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शिवपुर पुलिस ने सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से लगाए गए ठेला-खोमचे और अन्य अतिक्रमणों को हटवाया।

पुलिस टीम ने भोजूबीर, गिलट बाजार, पुरानी चुंगी, नार्मल स्कूल समेत आसपास के कई क्षेत्रों में सड़क किनारे लगे ठेलों और अस्थायी दुकानों को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने का प्रयास किया। इस दौरान अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी भी दी गई कि दोबारा सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शिवपुर थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर अभियान की निगरानी की और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कराई। अभियान के बाद कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था में सुधार देखा गया। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *