
वाराणसी। पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में बुधवार को तुलसी जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। शुभारंभ प्रधानाचार्य विशेश्वर सिंह और उप प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष राय ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद गोस्वामी तुलसीदास की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कक्षा 12 की छात्रा तनु पाल ने तुलसीदास के जीवन और साहित्य पर प्रकाश डाला। कृष्ण कुमार गुप्ता ने कहा कि रामचरितमानस को पढ़ना भारतीय संस्कृति को समझना है। उप प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष राय ने कहा कि भक्ति का उच्चतम आदर्श तुलसी के चरित्र में मिलता है। तुलसी समन्वय की विराट चेष्टा के कवि हैं। प्रधानाचार्य विशेश्वर सिंह ने कहा कि रामचरितमानस में वर्णित रामराज्य की अवधारणा आज भी प्रासंगिक है। तुलसी और राम के आदर्शों पर चलना ही साहित्य पढ़ने की वास्तविक उपादेयता है।
कार्यक्रम का संचालन साहित्य प्रभारी डॉ. शुभा श्रीवास्तव ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विजय भारती ने किया। आयोजन में नीलिमा श्रीवास्तव और सुनील कुमार सिंह का विशेष सहयोग रहा। शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply