सुमित्रा गुहा के सुरों से सजी सावन की शाम, शिव भजन पर झूमे विद्यार्थी

 

वाराणसी। स्पिक मैके के तत्वावधान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के तीसरे दिन सनबीम वरुणा और सनबीम कॉलेज फॉर वीमेन, वरुणा में पद्मश्री एवं संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित विदुषी सुमित्रा गुहा ने शास्त्रीय गायन की मनमोहक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। सुमित्रा गुहा ने राग अहीर भैरव में विलंबित तीनताल से गायन की शुरुआत की। इसके बाद मीरा का भजन ‘श्याम बिना पलकन लागी मेरी’ प्रस्तुत कर विद्यार्थियों की खूब तालियां बटोरीं। सावन के अवसर पर विद्यार्थियों के आग्रह पर उन्होंने भगवान शिव को समर्पित अपना स्वरचित भजन ‘हर हर हर शम्भू’ सुनाया। भजन की प्रस्तुति पर पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। इस दौरान विद्यार्थियों ने शास्त्रीय संगीत की बारीकियों को समझने में रुचि दिखाई। प्रियांशी, मुस्कान समेत अन्य विद्यार्थियों ने सुमित्रा गुहा से संगीत से जुड़े सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से जवाब दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत की परंपरा और उसकी विशेषताओं से परिचित कराया। उप प्रधानाचार्य मंजू राय ने अतिथि कलाकार का स्वागत किया। संचालन ध्रुवी ने किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में शास्त्रीय संगीत को लेकर खासा उत्साह रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *