
वाराणसी।गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए महमूरगंज स्थित प्रतिष्ठित ईव होटल (EVE Hotel) को अपने पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) नेटवर्क से सफलतापूर्वक जोड़ दिया है। इसके साथ ही होटल की रसोई एवं अन्य ऊर्जा संबंधी आवश्यकताओं हेतु अब गेल के PNG नेटवर्क के माध्यम से सुरक्षित, निर्बाध एवं 24×7 प्राकृतिक गैस की आपूर्ति प्रारंभ हो गई है। यह पहल वाराणसी के प्रमुख वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को आधुनिक, हरित एवं विश्वसनीय ऊर्जा व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व श्री नवाज़िश अली अंसारी, उप महाप्रबंधक (डीजीएम-प्रोजेक्ट्स) कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन श्री सुशील कुमार, महाप्रबंधक (जीएम) के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
ईव होटल, महमूरगंज, वाराणसी का एक प्रमुख आतिथ्य एवं आवासीय प्रतिष्ठान है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में अतिथियों एवं ग्राहकों को सेवाएं प्रदान की जाती हैं। होटल के संचालन हेतु पूर्व में प्रतिमाह लगभग 35 एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता होती थी। अब PNG आपूर्ति प्रारंभ होने के पश्चात होटल को चौबीसों घंटे निरंतर, सुरक्षित एवं विश्वसनीय प्राकृतिक गैस उपलब्ध होगी, जिससे न केवल परिचालन दक्षता में वृद्धि होगी, बल्कि ऊर्जा प्रबंधन भी अधिक सुविधाजनक, प्रभावी एवं लागत-कुशल बनेगा।
एलपीजी के स्थान पर PNG को अपनाने से प्रतिमाह उपयोग किए जाने वाले लगभग 35 एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। परिणामस्वरूप ये सिलेंडर अन्य क्षेत्रों एवं उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उपलब्ध कराए जा सकेंगे, जिससे अधिक लोगों को एलपीजी की बेहतर एवं सुगम उपलब्धता का लाभ प्राप्त होगा। इस प्रकार एक ओर ईव होटल को निर्बाध, सुरक्षित एवं भरोसेमंद ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित होगी, वहीं दूसरी ओर अन्य उपभोक्ताओं को भी एलपीजी की उपलब्धता के रूप में प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
इसके अतिरिक्त, PNG के उपयोग से सिलेंडरों के भंडारण, परिवहन एवं प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों में उल्लेखनीय कमी आएगी। इससे कार्यस्थल की सुरक्षा, स्वच्छता एवं सुविधा में वृद्धि होगी तथा पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा के उपयोग को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा। प्राकृतिक गैस अपेक्षाकृत स्वच्छ ईंधन होने के कारण कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Leave a Reply