
सनबीम वरुणा में पद्मश्री सुमित्रा गुहा ने प्रस्तुत किया शास्त्रीय गायन
वाराणसी। स्पिक मैके के तत्वावधान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के तीसरे दिन गुरुवार को सनबीम वरुणा एवं सनबीम कॉलेज फॉर वीमेन, वरुणा में पद्मश्री एवं संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित विदुषी सुमित्रा गुहा ने शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। सुमित्रा गुहा ने सनबीम वरुणा में राग अहीर भैरव की विलंबित तीनताल में बंदिश ‘अलबेला साजन आयो रे’ से गायन की शुरुआत की। इसके बाद मीरा का भजन प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर किया। विद्यार्थियों की मांग पर सावन के अवसर पर भगवान शिव को समर्पित अपनी स्वरचित रचना ‘हर हर हर शंभू’ सुनाई, जिस पर विद्यार्थियों ने तालियों से कलाकार का उत्साहवर्धन किया। विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए सुमित्रा गुहा ने कहा कि कलाकार जब भक्ति भाव में लीन होकर पूरी लगन और मगन होकर गाता है तो वह श्रोताओं को बांधे रखने में सफल होता है। सनबीम कॉलेज फॉर वीमेन में उन्होंने पारंपरिक बंदिश ‘लगी लगन सखी पति से’ से प्रस्तुति शुरू की। इसके बाद स्वरचित रचना ‘कैसे जाऊं तुम्हरे पास’ और राग रागेश्वरी में मीरा का भजन ‘मेरे तो गिरधर गोपाल’ प्रस्तुत किया। उप प्रधानाचार्य मंजू राय ने स्वागत किया। कॉलेज की प्रशासनिक अधिकारी डॉ. शालिनी सिंह ने आभार जताते हुए कलाकारों का सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन ध्रुवी, अंशिका और अनन्या ने किया। इस दौरान प्रियांशी, मुस्कान, शुभकामना सिंह, कर्मवीर सिंह, ज्ञानेंद्र मिश्र समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply